मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा कार्यकर्ता बन गए हैं विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर!.. शिवसेना ने की निलंबित...

भाजपा कार्यकर्ता बन गए हैं विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर!.. शिवसेना ने की निलंबित करने की मांग

सामना संवाददाता / मुंबई

मनपा चुनाव के दौरान अपने पद का दुरुपयोग करने के कारण शिवसेना ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके तत्काल निलंबन की मांग की है। यह मांग शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने की है। मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दानवे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुलाबा विधानसभा क्षेत्र की चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग पूरी तरह जायज है, क्योंकि इस चुनाव में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। उनका सीधा और आपत्तिजनक हस्तक्षेप साफ नजर आ रहा है।
दानवे ने कहा कि जब संवैधानिक पदों पर बैठे लोग सत्ता के इशारे पर काम करने लगें तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है। आज कुलाबा ही नहीं, महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में यही खतरा बढ़ा हुआ है। उनहोंने कहा कि शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क से सदन तक संघर्ष तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल नार्वेकर अब केवल नाम के अध्यक्ष रह गए हैं। सदन के भीतर वे अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठते हैं, लेकिन सदन के बाहर सत्ताधारी दल के विधायक की तरह व्यवहार कर रहे हैं। दानवे ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष का पद निष्पक्ष और गरिमामय होता है। एक अलिखित परंपरा है कि अध्यक्ष किसी भी राजनीतिक दल के प्रचार में शामिल नहीं होता, लेकिन राहुल नार्वेकर ने इस परंपरा को खुलेआम तोड़ा है। वे उम्मीदवारों को सुरक्षा वापस लेने की धमकी दे रहे हैं, जो लोकतंत्र और संविधान दोनों पर सीधा हमला है। दानवे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे पक्षपाती और दबाव बनाने वाले अध्यक्ष को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए। यह सत्ता के दुरुपयोग का गंभीर मामला है।

अन्य समाचार