सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार अपने बयानों के चलते अक्सर विवादों में रहते हैं। कभी अधिकारियों को फटकार लगाते हैं तो कभी नेताओं को अजब सुझाव देते हैं। हाल ही में एक आईपीएस अधिकारी को धमकाने के मामले में अजीत दादा की जमकर किरकिरी हुई। अब एक बार फिर उन्होंने एक समिति के पदाधिकारियों को जमकर फटकार लगाई है। मामला बारामती के कृषि उत्पन्न बाजार समिति का था। जहां लगभग सवा दो करोड़ रुपए पेट्रोल का बिल बकाया होने का मामला सामने आया। जिसे लेकर उन्होंने समिति के पदाधिकारी की जमकर क्लास ली।
बता दें कि बारामती कृषि उपज बाजार समिति की वार्षिक आमसभा रविवार को आयोजित हुई। निदेशकों ने बाजार समिति में हो रहे कार्यों की जानकारी पत्र के माध्यम से दी। यह पत्र पढ़ते समय अजीत पवार के ध्यान में आया कि पेट्रोल पंप का बकाया सवा से दो करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। इसके बाद उन्होंने पदाधिकारियों की खबर ली।
अजीत पवार ने कहा कि जिनका बकाया बाकी है, उनको तुरंत चुका देना चाहिए। किसी को भी उधार में कुछ नहीं दिया जाए। यह संस्था किसानों की है। पदाधिकारियों को उधारी करने का अधिकार किसने दिया? यह तुम्हारे बाप की मार्वेâट कमेटी है क्या? ऐसा सवाल उठाते हुए अजीत पवार ने पदाधिकारियों की क्लास ली। अजीत पवार ने इस दौरान उधारी करनेवालों की सूची भी मांगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी कुछ नेताओं ने उधारी की थी और पैसे नहीं चुकाए थे।
