मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा उम्मीदवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज का किया अपमान! ...शिवराय के सिर...

भाजपा उम्मीदवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज का किया अपमान! …शिवराय के सिर पर भाजपा की टोपी-गले में कमल का रूमाल!

विपक्षी दलों ने किया जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा की भंडारा की एक महिला उम्मीदवार ने संपूर्ण महाराष्ट्र के आराध्य देवता छत्रपति शिवाजी महाराज के सिर पर भाजपा की टोपी और गले में कमल का रूमाल डालकर अपमान किया है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे लेकर विपक्षी दलों ने जोरदार हमला किया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उपनेता सुषमा अंधारे ने इस मामले में भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे ही पक्ष में हैं, यह दिखाने का यह भाजपा उम्मीदवार का बचकाना प्रयास है।
छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम महाराष्ट्र के दिल में बसता है। यह नाम राजनीति में अक्सर इस्तेमाल किया जाता है। भंडारा नगरपालिका चुनाव का प्रचार अभी अंतिम दौर में है। यहां नगराध्यक्ष और नगरसेवक पद के उम्मीदवार हर प्रभाग में जाकर मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। भंडारा शहर के मुख्य चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा है। प्रभाग २ की भाजपा की महिला उम्मीदवार प्रचार के दौरान इस प्रतिमा को नमन करने आईं। उन्होंने महाराज को नमन करते हुए उनके गले में कमल का रूमाल डाला। वे इतने पर नहीं रुकीं। इसके बाद उन्होंने भाजपा की टोपी भी छत्रपति के जिरेटोप पर पहना दी। उनकी इस हरकत से शिवभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मामले में तीव्र आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है। शिवसेना की उपनेता सुषमा अंधारे ने भी इस घटना पर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे ही पक्ष में हैं, यह कहने का प्रयास करते हुए भाजपा महिला पदाधिकारियों ने हुड़दंग किया। भंडारा शहर के प्रभाग २ की भाजपा उम्मीदवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज के गले में पार्टी का रूमाल और सिर पर टोपी पहनाई। यह हरकत निंदा और आक्रोश से परे है।

भाजपा महाराष्ट्र द्रोही है -वर्षा गायकवाड
कांग्रेस सांसद व मुंबई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने भी इस मामले में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महाराष्ट्र द्रोही है। महाराष्ट्र के आराध्य का अपमान भाजपा नेता बार-बार करते हैं। अब तो चुनाव प्रचार में सीधे छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को भाजपा की टोपी और दुपट्टा पहनाया। जिस महाराष्ट्र पर छत्रपति शिवाजी महाराज आज भी राज करते हैं, उन महाराज के गले में पार्टी का पट्टा डालने की हिम्मत भाजपा नेता कर ही वैâसे सकते हैं? भाजपा वालों ने लाज छोड़ दी है। छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम लेकर राजनीति करते हुए नेता भूल गए कि महाराष्ट्र के आराध्य तुम्हारी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं।

अन्य समाचार