राजस्थान सरकार ने विधानसभा में धर्मांतरण को रोकने के लिए बिल पारित कराया है, लेकिन राज्य में फिर भी धर्मांतरण की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। भरतपुर में पहले भी कई मामले धर्मांतरण के आए हैं। विगत रविवार को भी भरतपुर शहर में फिर से एक मामला सामने आया। धर्मांतरण केंद्र पर बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद की सूचना पर पुलिस पहुंची और धर्मांतरण सेंटर चलाने वाले दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि तीसरा व्यक्ति सामान लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाष नगर कॉलोनी में हिंदू धर्म के गरीब और भोले-भाले लोगों को धर्मांतरण केंद्र पर बुलाकर, उन्हें रुपए, कपड़े, राशन और नौकरी देने का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का काम किया जा रहा था। उन्हें हिंदू से ईसाई बनाया जा रहा था। धर्मांतरण सेंटर पर काफी संख्या में महिलाएं, बच्चे और लोग बुलाए गए थे। लालच देकर लोगों का धर्म परिवर्तन करने के लिए, धर्मांतरण सेंटर चलाने वाले हरीओम कोली और योगेश कोली को पुलिस ने पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
धर्मांतरण सेंटर से सामान जब्त
धर्मांतरण करवाने वाले दो लोगों को पकड़कर पुलिस कोतवाली ले गई। मौके से पुलिस ने धर्मांतरण सेंटर से बाइबल, होली वॉटर सहित अन्य सामग्री जब्त की है। शहर कोतवाली प्रभारी विनोद मीणा ने बताया कि सूचना मिली थी कि कॉलोनी में धर्मांतरण सेंटर चल रहा है, जहां काफी संख्या में लोगों को इकट्ठा किया गया है। सूचना के बाद कार्रवाई की गई, जहां से दो लोगों को पकड़ लिया गया है, और उनसे पूछताछ की जा रही है। सेंटर से सामान भी जब्त किया गया है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी शहर में धर्मांतरण सेंटर पकड़े गए थे।
