-गिरीश महाजन के बयान पर भड़की कांग्रेस
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री गिरीश महाजन के कथित विवादित बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। उन्होंने एक बयान में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को राजनीति से प्रेरित बताते हुए अहमद शाह अब्दाली की तारीफ करने का प्रयास किया। इस ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को राजनीति से प्रेरित बताते हुए खालिस्तानी सोच वाले भिंडरावाला का समर्थन किया, जिसे लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने गिरीश महाजन पर भारतीय सेना का अपमान करने और देश विरोधी मानसिकता प्रदर्शित करने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल तथा भाजपा से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि गिरीश महाजन ने देश के सबसे चर्चित सैन्य अभियानों में से एक ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान की तुलना ऐतिहासिक आक्रमणकारी मोहम्मद अब्दाली से करना न केवल भारतीय सेना का अपमान है, बल्कि देश की अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बलिदान देनेवाले सैनिकों और नेतृत्व का भी अनादर है। हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सशस्त्र उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ चलाया गया अभियान था। उस समय की प्रधानमंत्री ने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए कठिन निर्णय लिया था। कांग्रेस का कहना है कि ऐसे अभियान पर सवाल उठाकर महाजन ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को कमजोर करने का प्रयास किया है।
