मुख्यपृष्ठसमाचारभाजपा पदाधिकारी निकला ठग!..बारबाला से ठगे १५ लाख रुपए

भाजपा पदाधिकारी निकला ठग!..बारबाला से ठगे १५ लाख रुपए

-युवती को शादी और नौकरी का दिया था झांसा

-अविवाहित बताकर पीड़िता के साथ बनाए थे संबंध

जेदवी / मुंबई

मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी पर शादी का झांसा देकर युवती का कथित यौन शोषण करने और उससे करीब १५ लाख रुपए ठगने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है, जबकि आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक पीड़िता एक बार डांसर है। उसका आरोप है कि दहिसर-बोरिवली क्षेत्र में भाजपा मंडल के महामंत्री ने स्वयं को अविवाहित बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शादी का वादा किया और एक प्रतिष्ठित कंपनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर युवती का विश्वास जीता। आरोपी ने अलग-अलग कारण बताकर उससे करीब १५ लाख रुपए हासिल कर लिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने एक बार में ५० हजार रुपए के नोट उड़ाकर अपनी आर्थिक हैसियत का दिखावा किया और युवती को प्रभावित करने की कोशिश की।
युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपने दो सहयोगियों को भी उसका शोषण करने के लिए उकसाया। विरोध करने पर कथित तौर पर बंदूक दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। भय और दबाव के कारण वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन बाद में उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
क्राइम ब्रांच के हाथ में जांच, आरोपी की तलाश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के निर्देश पर जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
भाजपा पदाधिकारी पर लगे इन गंभीर आरोपों से राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले पर क्राइम ब्रांच की नजर है और आरोपी की तलाश जारी है।
बेहोशी की हालत में पीड़िता से किया दुष्कर्म
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने एक कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को बेहोश कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। होश आने पर उसने स्वयं को बिना कपड़ों के पाया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया था।

अन्य समाचार