मुख्यपृष्ठअपराधलापता माली की गड्ढे में मिली लाश, हत्या की आशंका

लापता माली की गड्ढे में मिली लाश, हत्या की आशंका

सोमवार से ही घर से गायब था

राजेश सरकार /  प्रयागराज

मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाने की सीमा में सरस्वती हाइटेक सिटी परिसर में मौजूद पावर हाउस के पास मंगलवार दोपहर एक युवक का शव गड्ढे में मिलने से सनसनी फैली रही। ग्रामीणों ने हत्या कर उसकी लाश फेंकने की आशंका जताई है। लाश के पास देशी शराब के पाउच और डिस्पोजल गिलास पाए गए हैं। स्थानीय पुलिस का अनुमान है कि शराब के नशे में गड्ढे में गिरने से युवक की मौत हुई होगी या फिर किसी वाहन की चपेट में आने से गड्ढे में गिरकर जान चली गई। फिलहाल युवक की पहचान विजय (35) पुत्र मंटू निवासी उत्तरी लोकपुर,नैनी के रूप में की गई।

जानकारी के अनुसार विजय पेशे से माली है। घास आदि काटने का काम करता था। वह सोमवार रात से घर से गायब था। फिलहाल पुलिस जाँच में जुटी है कि विजय हाईटेक सिटी परिसर में कैसे और कब पहुँचा। पुलिस द्वारा लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस तहकीकात में जुट गई है। उसके शरीर पर कहीं भी किसी तरह के चोट या वार व प्रहार किए जाने के निशान नहीं मिले हैं। थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी विपिन कुमार पाल ने बताया कि टीम गठित कर इसकी जाँच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मृत्यु कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।

 इससे पहले भी मिला था सिर विहीन धड़ का टुकड़ा

औद्योगिक क्षेत्र के सरस्वती हाइटेक सिटी कैंपस में सितंबर माह की शुरुआत में भी सिर विहीन धड़ का टुकड़ा बोरे में मिला था। बाद में पता चला कि बोरे में मिला धड़ एक लापता छात्र का था। तंत्र मंत्र के फेर में छात्र की हत्या रिश्ते में उसके दादा ने की थी। हत्या के बाद पोते यश की लाश के टुकड़े कर उनको बोरे में बंद कर हाइटेक सिटी परिसर में फेंक दिया था। दादा को पुलिस हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।

 दो दिन पहले भी वृद्ध का शव मिलने से फैली रही सनसनी

सरस्वती हाइटेक सिटी परिसर में डिवाइडर पर दो दिन पूर्व एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पाया गया था। बुजुर्ग की भी पहचान पुलिस अभी तक नहीं कर सकी है। इन घटनाओं से साफ पता चलता है की हाइटेक सिटी परिसर में सन्नाटे का लाभ उठाकर आपराधिक कृत्य किए जा रहे हैं।

अन्य समाचार