मुख्यपृष्ठनए समाचारचीन भारत में घुस आया है...५६ इंच का सीना देश के किस...

चीन भारत में घुस आया है…५६ इंच का सीना देश के किस काम का?.. खड़गे ने पीएम को सुनाई खरी-खरी

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन लद्दाख में घुस आया है, लेकिन सरकार उसे रोकने या उसके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा, `५६ इंच की छाती’ से देश को क्या फायदा हुआ?’
बता दें कि खड़गे ने वंदे मातरम के मुद्दे पर भी सरकार को निशाना बनाया और कहा कि वह पिछले ६० सालों से यह गाना गा रहे हैं और ३०-३५ सालों से विधायक और सांसद के तौर पर सदन में भी गा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले वंदे मातरम नहीं गाते थे, वे अब इसे राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही अपने अधिवेशनों में वंदे मातरम गाने की परंपरा शुरू की थी और जब स्वतंत्रता सेनानी जेल जा रहे थे, `जो लोग आज देशभक्ति के सर्टिफिकेट बांट रहे हैं, वे अंग्रेजों के लिए काम कर रहे थे।’ उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र और संविधान की भावना को कमजोर कर रही है। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर कांग्रेस का अपमान करने के लिए इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, `आप नेहरू का नाम कितना भी नीचे गिराने की कोशिश करें, वह सबसे ऊंचे स्तर पर थे और रहेंगे, आप सबसे नीचे हैं और वहीं रहेंगे।’
कश्मीर में चोरी-चोरी घूमता पकड़ा गया चीनी नागरिक
श्रीनगर में वीजा नियमों का उल्लंघन करने को लेकर हिरासत में लिए गए एक चीनी शख्स की तस्वीर शेयर की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हू कांगताई नामक यह शख्स बिना इजाजत लद्दाख के संवेदनशील इलाकों में भी गया था और उसका मोबाइल जांच के लिए भेजा गया है। बकौल रिपोर्ट, उसकी ब्राउजिंग हिस्ट्री में आर्टिकल-३७० के सर्च मिले हैं।

अन्य समाचार