मुख्यपृष्ठअपराधबरेली हिंसा पर कांग्रेस नेता उदित राज का दावा... भाजपा के साथ...

बरेली हिंसा पर कांग्रेस नेता उदित राज का दावा… भाजपा के साथ मिले हुए हैं कई मौलाना!

-‘योगी सरकार दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई नहीं करेगी, उन्हें और बढ़ाएगी’

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

बरेली में हुई हालिया हिंसा मौलानाओं और भाजपा की मिलीभगत का परिणाम है। यह कहना है कांग्रेस नेता उदित राज का। उदित राज ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई नहीं करेगी बल्कि उसे और बढ़ाएगी। ये भी हो सकता है कि जो निर्दोष हों, उन्हें ही पकड़ लिया जाए। ये घटना मिलीभगत से हो सकती है इसलिए किसी भी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
‘आई लव योगी आदित्यनाथ’ बनाम ‘आई लव अखिलेश यादव’ के पोस्टर पर उदित राज ने कहा कि ये तो भावना व्यक्त करने का तरीका है, उसमें किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए, लेकिन जो लोग ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर लेकर चल रहे हैं, वे ध्यान दें कहीं कोई कुछ गलत न कर दे।
‘आतंकी देश से मैच खेला’
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के फाइनल मैच पर उदित राज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेश मंत्री ने दूसरे देश में बयान दिया था कि पाकिस्तान आतंकवाद का केंद्र है। अब उसी आतंकवादी देश से मैच खेला जा रहा है। ये केंद्र सरकार का दोहरा चरित्र है।
‘निष्पक्ष जांच होनी चाहिए’
उदित राज ने कहा कि कई मौलानाओं ने भाजपा से हाथ मिलाया हुआ है और ये उनके हित में है कि देश में हिंदू-मुस्लिम होता रहे। जो दिखता है वह होता नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘आई लव मोहम्मद’ उसी तरह है जिस तरह से ‘बजरंग बली की जय हो’ और ‘जय श्रीराम’ जैसे नारे हैं। इसमें किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। बरेली की घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में जो दोषी पाए जाएं, उनको सजा मिलनी चाहिए।

अन्य समाचार