मुख्यपृष्ठनए समाचारकाशी की सड़कों के डिवाइडरों पर भाजपा के चुनाव चिह्न जैसी आकृतियां...

काशी की सड़कों के डिवाइडरों पर भाजपा के चुनाव चिह्न जैसी आकृतियां  लगाने पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति,सौंपा ज्ञापन

उमेश गुप्ता / वाराणसी

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ की ऐतिहासिक धरोहर और उनके परिवार की बदहाल स्थिति को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन के समक्ष गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं दूसरी ओर शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न कमल के फूल जैसी आकृतियां लगाए जाने पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। इन दोनों महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिलाधिकारी से मिला और ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ केवल एक महान शहनाई वादक नहीं थे, बल्कि वह काशी की गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने अपनी कला और साधना से पूरी दुनिया में बनारस का नाम रोशन किया। लेकिन आज उनके हड़हा स्थित पुश्तैनी मकान की जर्जर हालत और उनके परिवार की आर्थिक बदहाली प्रशासनिक उपेक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महानगर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ के पुश्तैनी आवास पर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। वहां मकान की जर्जर स्थिति और परिवार के सामने आजीविका का संकट देखकर गहरी चिंता हुई। जिस महान कलाकार ने काशी की संस्कृति और गंगा-जमुनी विरासत को पूरी दुनिया में पहचान दिलाई, आज उसी महान विभूति की धरोहर और उनके परिवार को संरक्षण के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।जब सरकार और प्रशासन शहर की सुंदरता एवं विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने की बात करते हैं, तो फिर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और उनके परिवार की सहायता के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं? उन्होंने मांग की कि उनके पुश्तैनी मकान का तत्काल सर्वेक्षण कराकर उसके संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की व्यवस्था की जाए तथा परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
वहीं शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर आधुनिक लाइटों के साथ कमल के फूल जैसी आकृतियां लगाए जाने पर राघवेंद्र चौबे ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि कमल का फूल भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिह्न है। ऐसे में सार्वजनिक धन से निर्मित होने वाले सरकारी सौंदर्यीकरण कार्यों में किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न जैसी आकृति का इस्तेमाल किया जाना कई सवाल खड़े करता है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस प्रकार के कार्यों की निष्पक्षता और औचित्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे,मनीष शर्मा,डॉ राजेश गुप्ता,,सतनाम सिंह,वकील अंसारी,प्रवीन प्रकाश,राजू राम,संतोष चौरसिया,हसन मेहदी कंब्बन, कृष्णा गौड़ समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार