मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में गहराता लापता बच्चों का संकट!

मुंबई में गहराता लापता बच्चों का संकट!

-पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन खोज-४’…२२ जून तक चलेगा विशेष अभियान

जेदवी /मुंबई

मुंबई में लापता और अपहृत बच्चों तथा महिलाओं की बढ़ती घटनाओं के बीच मुंबई पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन खोज-४’ शुरू किया है। २२ जून २०२६ तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य गुमशुदा बच्चों और महिलाओं का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना है।
पुलिस के अनुसार, १८ वर्ष से कम आयु के लापता या अपहृत लड़के-लड़कियों तथा १८ वर्ष से अधिक आयु की लापता महिलाओं की तलाश के लिए विशेष पुलिस दल गठित किए गए हैं। शहर के सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की गहन जांच कर खोज अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बाल कल्याण और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि सामाजिक संगठनों और नागरिकों की मदद से अधिक से अधिक लापता बच्चों और महिलाओं का पता लगाया जा सकेगा।
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, अस्पतालों, होटलों, दुकानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई देने वाले बच्चों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है। विशेष रूप से भीख मांगने वाले, कचरा बीनने वाले या विभिन्न स्थानों पर काम करते नजर आने वाले नाबालिग बच्चों पर नजर रखने को कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई बच्चा लावारिस अवस्था में मिले या किसी संदिग्ध परिस्थिति में रह रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए। नागरिक १०० और १०९८ हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर जानकारी दे सकते हैं। साथ ही ‘खोया-पाया’ पोर्टल पर लापता बच्चों के फोटो अपलोड कर उनकी तलाश में सहयोग करने की अपील भी की गई है।

‘ऑपरेशन खोज-४’ पर मुंबई पुलिस का फोकस
मुंबई में बढ़ती गुमशुदगी की घटनाओं के बीच पुलिस ने ‘ऑपरेशन खोज-४’ शुरू किया है। २२ जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत लापता बच्चों और महिलाओं की तलाश के लिए विशेष दल गठित किए गए हैं। स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है।

अन्य समाचार