मुख्यपृष्ठनए समाचारधारावी बचाओ आंदोलन की हुंकार, ‘जागते रहो धारावीकरों'

धारावी बचाओ आंदोलन की हुंकार, ‘जागते रहो धारावीकरों’

सामना संवाददाता / मुंबई

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में धारावी की सभा में दावा किया था कि धारावीकरों को ही धारावी में घर दिए जाएंगे। मगर इसी के कुछ दिनों बाद ही एसआरए ने मेघवाड़ी-गणेशनगर की झोपड़ियों को तोड़ने का नोटिस जारी कर दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों में तीव्र रोष पैâल गया है। इसी पृष्ठभूमि पर ९० फीट रोड, कामराज हाई स्कूल के सामने धारावी बचाओ आंदोलन की विशाल इशारा जनसभा आयोजित की गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सभा में नेताओं ने चेतावनी दी कि आज मेघवाड़ी पर संकट है, कल यह कुंभारवाड़ा, कोलीवाड़ा, आजाद नगर, तिलक नगर समेत धारावी की अन्य बस्तियों पर भी नोटिस के रूप में यह कहर टूटेगा। इसलिए धारावीकरों से ‘जागते रहो, सावधान रहो’ की अपील की गई।
सभा में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के पूर्व विधायक बाबूराव माने, विधायक महेश सावंत, सांसद अनिल देसाई, माकपा नेता प्रकाश रेड्डी, ‘आप’ के नेता एन.आर. पॉल, ‘आप’ नेता प्रीति मेनन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता उलेश गजकोश, राजेंद्र कोरडे, जावेद खान, अनिल कासारे सहित विभिन्न पक्षों के नेता मौजूद रहे। सांसद अनिल देसाई ने कहा कि धारावीकरों को धारावी में ही स्थायी घर मिले, इसके लिए श्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने अडाणी कार्यालय पर पहला बड़ा मोर्चा निकाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब बड़े पैमाने पर धारावी के रहिवासियों को अपात्र ठहराकर बाहर फेंकने की कोशिश हो रही है। यदि यह षड्यंत्र नहीं रुका तो पूरा महाराष्ट्र धारावी के समर्थन में खड़ा होगा। धारावी बचाओ आंदोलन के नेता बाबूराव माने ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुलुंड डंपिंग ग्राउंड की जमीन अडानी ने धारावी के लोगों के पुनर्वसन के नाम पर ली है, लेकिन धारावी में सिर्फ ५-१० हजार लोगों को घर मिलेगा और बाकी नागरिकों को बाहर धकेला जाएगा। इस तरह लगभग ५०० एकड़ धारावी की भूमि अडानी हड़पना चाहता है। विधायक महेश सावंत ने मांग की कि सरकार मेघवाड़ी के नागरिकों से लिखित करार करे और पक्का घर देने की गारंटी दे।

अन्य समाचार