मुख्यपृष्ठनए समाचारशिवाजी पार्क के विकास पर ‘डबल गेम’!

शिवाजी पार्क के विकास पर ‘डबल गेम’!

 – एक ही मैदान के लिए एमसीए और बीएमसी की अलग-अलग योजनाएं
– तालमेल नहीं हुआ तो करोड़ों का दोहरा खर्च

जेदवी / मुंबई

मुंबई की क्रिकेट प्रतिभाओं की नर्सरी और ऐतिहासिक धरोहर शिवाजी पार्क के विकास को लेकर अब दोहरी कवायद सामने आई है। एक ओर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन मैदान के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी उठाने की इच्छा जता रहा है, वहीं दूसरी ओर बीएमसी स्वयं करीब २.२५ करोड़ रुपए की विकास योजना पर काम कर रही है। ऐसे में एक ही मैदान के लिए चल रही दो अलग-अलग योजनाओं ने समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एमसीए ने बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र भेजकर शिवाजी पार्क के विकास की अनुमति और मार्गदर्शन मांगा है। एमसीए का कहना है कि प्रस्तावित विकास कार्यों का पूरा खर्च संस्था स्वयं उठाएगी और सभी काम मनपा तथा संबंधित प्राधिकरणों के नियमों के अनुसार किए जाएंगे। हालांकि, मैदान पर कौन-कौन से कार्य किए जाएंगे और उन पर कितनी राशि खर्च होगी, इसका विस्तृत खाका अभी स्पष्ट नहीं है।
दूसरी ओर, बीएमसी ने शिवाजी पार्क के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं में सुधार के लिए करीब २.२५ करोड़ रुपए की योजना बनाई है। इसमें धरोहर शैली के कट्टों की मरम्मत, टूटी टाइलों को बदलना, पेड़ों के चारों ओर सुरक्षा घेरे बनाना, सुरक्षा गार्डों के बैठने की जगह दुरुस्त करना और मैदान की मूर्तियों के आसपास विशेष प्रकाश व्यवस्था जैसे काम शामिल हैं। बीएमसी ने इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

अन्य समाचार