मुख्यपृष्ठनए समाचारलोकल ट्रेन में ‘दम मारो दम'!..चलती ट्रेन में चिलम का धुआं

लोकल ट्रेन में ‘दम मारो दम’!..चलती ट्रेन में चिलम का धुआं

– रेलवे की नाक के नीचे नशे का खेल

– सुरक्षा की खुली पोल, सो रही है आरपीएफ

फिरोज खान / मुंबई

पहले लोकल ट्रेनों में जेबकतरे, चेन स्नेचर और मनचले खुलेआम अश्लील हरकतें करते नजर आते थे, लेकिन अब मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों को नशे का अड्डा बना लिया गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से पैâल रहे वीडियो में दो लोग चलती लोकल ट्रेन के भीतर खुलेआम चिलम पीते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही यात्रियों की सुरक्षा, नियमों के पालन और रेलवे प्रशासन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बार वजह यात्रियों की सुविधा नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो है। बताया जा रहा है कि यह घटना पश्चिम रेलवे की एक लोकल ट्रेन की है। वीडियो में एक युवक और एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति ट्रेन के लगेज कंपार्टमेंट में बैठे दिखाई देते हैं। दोनों कथित तौर पर चिलम पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो को उनके साथ ही बैठे एक व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक पहले चिलम जलाता है और फिर उसे अपने साथ बैठे दूसरे व्यक्ति को देता है। ट्रेन के अंदर मौजूद अन्य यात्रियों की परवाह किए बिना दोनों लगातार उसे पीते दिखाई देते हैं। इस घटना के सामने आते ही लोगों में गुस्सा फूट रहा है। लोग वीडियो देखने के बाद नाराजगी जता रहे हैं। कई यूजर्स ने रेलवे प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और ट्रेन का रूट कौन-सा था। रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस और पश्चिमी रेलवे की ओर से भी अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
वायरल वीडियो से भड़का गुस्सा
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद यात्रियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सवाल उठ रहा है कि आखिर मुंबई लोकल में कानून का डर खत्म हो गया है या निगरानी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है?
ट्रेन या नशे का अड्डा?
मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में अब जेबकतरों और मनचलों के बाद नशेड़ियों का आतंक भी दिखाई देने लगा है। वायरल वीडियो में चलती ट्रेन के भीतर खुलेआम चिलम पीते दो लोगों ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य समाचार