मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : देश उनका ऋणी रहेगा!

संपादकीय : देश उनका ऋणी रहेगा!

हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे हमारे बीच नहीं हैं, इसका अहसास महाराष्ट्र को इन दिनों रोज ही होता है।सिर्फ महाराष्ट्र ही क्यों, भारत देश को भी इसी अहसास से असहज महसूस होना चाहिए, ऐसी परिस्थिति चारों तरफ दिखाई दे रही है। बालासाहेब के विशाल व्यक्तित्व के कई आयाम थे। महाराष्ट्र की सभी जातियों, उपजातियों और धर्मों के लोगों से उन्होंने प्रेम किया। उन्होंने महाराष्ट्र के पर्वतों, नदियों और प्रकृति से प्रेम किया। लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री फडणवीस विकास के नाम पर महाराष्ट्र के पहाड़ों, नदियों और जंगलों को उद्योगपतियों के हवाले कर रहे हैं। बड़े पैमाने पर वनों की कटाई चल रही है। हजारों पेड़ काटकर जंगलों का श्मशान बनाया जा रहा है। नदियों, झीलों और खाड़ियों को पाटकर वहां निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। पहाड़ों को काटा जा रहा है और इसके खिलाफ आवाज उठाने वाली जनता को नक्सली और विकास का दुश्मन ठहराकर उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। ऐसे वक्त में जनता एक स्वर में कहती है, आज बालासाहेब होते, तो प्रकृति के इस विनाश को वे कभी सहन नहीं करते। `अरे भाइयों, पहाड़ काटोगे तो बादल कैसे रुकेंगे? बारिश कैसे होगी? पेड़-जंगलों को काटोगे तो हवा और पानी कैसे मिलेगा? ऐसा शैतानों जैसा बर्ताव क्यों करते हो?’, यह सवाल करके उन्होंने वनों की कटाई करने वाली सरकार की हवा टाइट कर दी होती। सातारा, कर्जत, भीमाशंकर, आरे और गढ़चिरोली के जंगल उद्योगपति अडानी के लिए बेहिसाब तरीके से काटे जा रहे हैं। बालासाहेब जितने राष्ट्रप्रेमी थे, उतने ही प्रकृतिप्रेमी भी थे। राजनीति में रहते हुए ऐसा प्रकृतिप्रेमी नेता देश में दूसरा कोई नहीं हुआ। बालासाहेब के विचारों की नींव पक्की थी। सरकार ने कोल्हापुर के `गोकुल दूध संघ’ के चुनाव में
लोकतंत्र का खून
कर दिया। बहुमत को ताक पर रखकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हारे हुए पहलवान को जिताने के लिए नियम और कानून ही बदल डाले। लाखों किसानों ने मतदान करके जिन्हें विजयी बनाया, उन्हें पराजित ठहराने वाला नया कानून जब देवेंद्र फडणवीस ने बनाया, तब कोल्हापुर की लाखों जनता को शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की याद आई। बालासाहेब होते तो महाराष्ट्र में यह घटिया फडणवीस-गीरी बर्दाश्त नहीं की जाती, यह तेरह करोड़ मराठी जनों की राय है। `नियम और कानून किसके लिए? लोगों को परेशान करने के लिए? जला डालो ऐसे कानूनों को! मैं तो कहूंगा कि ऐसा घटियापन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनहित के आड़े आने वाले नियम और कानून बदले जाने चाहिए’, यह बात बालासाहेब ने कई बार कही। लोकतंत्र हुक्मरानों की कठपुतली बन जाता है, उनका यह कथन मोदी, शाह, राजीव और ज्ञानेश कुमार ने सच साबित कर दिखाया है। चुनाव जीतने के लिए इस चांडाल चौकड़ी ने करोड़ों लोगों का मताधिकार रद्द किया। मतदाता सूचियों से नाम काट दिए। एक नहीं, अनेक कुचक्र रचे। इसलिए भारत का लोकतंत्र हुक्मरानों का गुलाम बन गया है, शिवसेनाप्रमुख का यह कथन सच साबित हुआ। उन्होंने किसी भी ताकत का इस्तेमाल गंदी राजनीति के लिए नहीं किया। लोगों को अन्याय सहन नहीं करना चाहिए और अन्याय के खिलाफ उठ खड़ा होना ही चाहिए, ऐसा उनका मानना था। जनता एक ज्वालामुखी होनी चाहिए, ऐसा उन्हें लगता था। इसीलिए वे कहते थे, `जनता का क्रोध ऐसा होना चाहिए कि उस रोष का शासन पर दबाव रहे। लगातार इस तरह सुलगने वाली जनता मुझे चाहिए। वरना मैं उन्हें लोकतंत्र की भेड़ें कहूंगा।’ लोकतंत्र की इतनी सटीक परिभाषा किसी ने नहीं दी होगी। आज देश की जनता अन्याय और मोदी-शाह की
तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर
उतर आई है। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा की गई `वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ने के लिए उतर पड़ी है। जनता का रोष साफ दिखाई दे रहा है। हम मोदी-शाह की भेड़ें नहीं हैं। बालासाहेब के इस विचार को जनता ने संघर्ष के मार्ग पर उतार दिया है। बालासाहेब की संपूर्ण राजनीति राष्ट्रवादी और जनवादी थी। उनकी राजनीति का मुख्य केंद्र महाराष्ट्र का आम कामगार और किसान रहा। बालासाहेब अपनी लेखनी, वाणी और तूलिका की चोट से लगातार गरजते रहे और उन प्रहारों से महाराष्ट्र हमेशा सतर्क और जागृत रहा। बालासाहेब के उठने-बैठने और बात करने में एक अलग ही `रौब’ था। वह `रौब’ जनमानस पर प्रभाव डालता था। अनुशासन और सटीकता उनका मुख्य गुण था। उनके जीवन-प्रवाह में `नकारात्मकता’ के लिए कोई जगह नहीं थी। निर्णय लेना और उस पर अमल शुरू करना, यह उनकी कार्यशैली थी, नीति थी। बालासाहेब ने पुराने इतिहास को नहीं खंगाला, उन्होंने नया इतिहास रचा। आज हुक्मरान पुराने इतिहास को मटियामेट करके देश में राख का बवंडर उड़ा रहे हैं। उन्होंने खुद तो कुछ गढ़ा नहीं, बल्कि जो कुछ भी खड़ा था, उसे भी नष्ट कर दिया। तीर्थस्थलों पर बंदरों जैसा हुड़दंग मचा हो, आज देश की स्थिति ऐसी हो गई है। यह हुड़दंग देखकर देश की समझदार जनता आखिरकार सड़कों पर उतर आई है और सड़कों पर उतरी यह जनता कह रही है कि, `आज बालासाहेब होते तो दिल्ली के तानाशाहों को अब तक भागना पड़ गया होता।’ बालासाहेब एक महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपना ऐतिहासिक कार्य पूरा किया। उसके लिए महाराष्ट्र और देश उनका सदैव ऋणी रहेगा।

अन्य समाचार