अयोध्या के एडी बेसिक को सौंपा ज्ञापन
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
मुख्य सचिव का हुक्म है कि प्रत्येक विभाग के जिलास्तरीय अधिकारी हरेक माह की पंद्रह तारीख को सम्बंधित विभाग के कर्मचारी संगठनों की बैठक करें। कर्मियों की समस्याएं सुनें और उनका निस्तारण करें। लेकिन उनके फरमान की हुक्मउदूली हो रही है। मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर यूपी बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन के अयोध्या मंडलाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह अयोध्या परिक्षेत्र के सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक केके सिंह तक जा पहुंचे। उन्हें मातहत अफसरों की करतूतें बताईं। ज्ञापन दिया और शासनादेश का पालन कराए जाने की मांग की। सौंपे गए पत्र में अयोध्या के मंडलीय कर्मचारी नेता सिंह ने अवगत कराया है कि मुख्य सचिव के आदेश के बाद भी जनपद स्तर पर विभागाध्यक्ष द्वारा कर्मचारी संगठनो के साथ कोई बैठक नहीं की जा रही है। जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। जबकि मुख्य सचिव ने १२ दिसंबर, २४ के पत्र के माध्यम से समस्त विभागाध्यक्ष कर्मचारी संगठनों के साथ महीने की १५ तारीख को बैठक करने का स्पष्ट आदेश दिया है। जिसमें जनपद स्तर पर लंबित मामलों का निस्तारण कराने, किन्हीं कारणवश न हो पाने पर शासन को भेजने के निर्देश हैं। जिससे उसका निस्तारण शासन स्तर पर कराया जा सके। दुर्भाग्य है कि उसके बाद भी जनपद स्तर पर विभागाध्यक्षों द्वारा कोई बैठक नहीं की जा रही है।
एडी बेसिक ने लिया संज्ञान- सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक कौस्तुभ कुमार सिंह ने ज्ञापन का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुल्तानपुर,अमेठी, अम्बेडकर नगर, अयोध्या, व बाराबंकी को पत्र भेज कर कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक कराए जाने का निर्देश दिए।
