मुख्यपृष्ठनए समाचारजबसे आई भाजपा सरकार...मुंबई में भीषण हुआ जल संकट!.. आदित्य ठाकरे का...

जबसे आई भाजपा सरकार…मुंबई में भीषण हुआ जल संकट!.. आदित्य ठाकरे का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

महानगर मुंबई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से जल संकट की समस्या और गंभीर हो गई है। भाजपा को प्रशासन चलाना नहीं आता है। यही वजह है कि भाजपा सरकार शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है। ऐसा जोरदार हमला शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने सत्ताधारियों पर किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि शहर आज भी भीषण जल संकट का सामना कर रहा है। प्रशासन की ओर से केवल १० प्रतिशत जल कटौती किए जाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन वास्तविकता में इससे कहीं अधिक पानी की कटौती की जा रही है, खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
जल संकट के अलावा उन्होंने सड़कों और बिजली की समस्याओं पर भी सरकार को घेरा। आदित्य ठाकरे ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है, जिसे शिवसेना पहले ही उजागर कर चुकी है। उन्होंने गोरेगांव फ्लाईओवर का उदाहरण देते हुए कहा कि इस परियोजना पर २४० करोड़ रुपए खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद पुल पर गड्ढे और सड़क की बदहाल स्थिति साफ दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इन सभी समस्याओं का मूल कारण यह है कि भाजपा को प्रशासन चलाने का कोई अनुभव या क्षमता नहीं है। आदित्य ठाकरे ने दावा किया कि मुंबई की जनता पानी, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार वास्तविक मुद्दों को सुलझाने के बजाय प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।

अन्य समाचार