सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता अंबादास दानवे द्वारा ‘एक्स’ पर वैâश कांड को सामने लाने के बाद राज्य की राजनीति में खलबली मच गई है। इसी मुद्दे पर बोलते हुए राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि अब तक हमने फिल्मों में ऐसे नोटों के बंडल देखे थे, वही अब महाराष्ट्र में देखने को मिल रहे हैं। यह सब देखना महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है। उन्होंने हमला करते हुए कहा कि फडणवीस सरकार ने सचमुच महाराष्ट्र को मिर्जापुर बना दिया है।
सांसद सुप्रिया सुले ने राज्य में चल रही घटनाओं पर हाल ही में टिप्पणी की है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एक महीने पहले सरकार के ही एक मंत्री के कमरे का वीडियो सामने आया था। उस पर सरकार ने क्या कार्रवाई की? उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी की थी, यह निर्णय काला धन खत्म करने के लिए लिया गया था। ऐसे में महाराष्ट्र में इतनी सारी नोटें कहां से आती हैं, इसकी ईडी-सीबीआई जांच होनी चाहिए। सुले ने सत्ताधारियों पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि महाराष्ट्र सरकार के पास चुनावों के लिए पैसे हैं। बांटने के लिए पैसे हैं, लेकिन किसानों को देने के लिए पैसा नहीं है। उन्होंने यह भी पूछा कि जिन लोगों ने कुछ भी नहीं किया, उनके पीछे ईडी-सीबीआई लग जाती है। लेकिन नोटों के बंडलों के ऐसे वीडियो सामने आने के बावजूद उन पर क्या कार्रवाई हुई है? उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र एक सुसंस्कृत राज्य है। महाराष्ट्र ने हमेशा समाज हित के लिए दिशा दिखाई है। लेकिन वर्तमान में फिल्मों के दृश्य महाराष्ट्र में अब वास्तविकता में देखने को मिल रहे हैं।
