– हत्या को हादसा बताने की कोशिश
– पोस्टमार्टम ने खोली साजिश की परतें
मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने लालच और शक के चलते अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। संभल के दुर्गा कॉलोनी बहजोई निवासी ३० वर्षीय अनिकेत शर्मा कुछ समय से बेरोजगार था। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए उसके पिता बाबूराम शर्मा ने उसे काम दिलाने के बहाने घर से बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से उसकी जान ले ली।
बेटे का २.१ करोड़ रुपए का करवाया था बीमा
पुलिस के अनुसार, बाबूराम अपने बेटे और अपनी दूसरी पत्नी के बीच बढ़ती नजदीकियों से बेहद परेशान था। इसी तनाव और लालच में उसने अमरोहा में रहने वाले अपने वकील दोस्त के साथ मिलकर अनिकेत के नाम करीब २.१ करोड़ रुपए का बीमा करवाया। बीमा पॉलिसी मिलने के बाद बाबूराम ने हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए भाड़े के तीन हत्यारों को शामिल किया। १६ नवंबर को मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। शुरुआती जांच में पुलिस इसे साधारण सड़क हादसा मान रही थी। परंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की दिशा पूरी तरह बदल दी। रिपोर्ट में साफ हुआ कि युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की और मृतक की पहचान अनिकेत के रूप में हुई।जब पुलिस ने हत्या की बात अनिकेत के पिता बाबूराम के सामने रखी, तो उसने इसे लगातार हादसा बताते हुए इंकार किया। लेकिन जांच में सामने आए तथ्यों ने उसकी बात को गलत साबित कर दिया। पुलिस ने पता लगाया कि बाबूराम ने असलम, तहब्बुर मैवाती और साजिद नाम के लोगों को पैसे देकर बेटे की हत्या करवाई। तीनों ने रॉड से वार कर अनिकेत को मौत के घाट उतारा और फिर शव को सड़क किनारे फेंककर उसे दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की। एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश ने बताया कि पुलिस ने बाबूराम और तीनों सुपारी किलरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साजिश का सूत्रधार माना जा रहा वकील और उसका एक साथी अभी फरार हैं।
