मुख्यपृष्ठसमाचारकुंभ नगरी में महिला इंश्योरेंस कर्मी संग छेड़खानी, आरोपी को भीड़ ने...

कुंभ नगरी में महिला इंश्योरेंस कर्मी संग छेड़खानी, आरोपी को भीड़ ने पकड़ा

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के संभ्रांत इलाके सिविल लाइंस में एक प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में काम करने वाली युवती के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। मंगलवार को काम पर पहुंची युवती के साथ छेड़खानी करने पर उसने शोर मचा दिया। जिससे युवती को बचाने उसके सहयोगी और आसपास के लोग पहुंच गए। सबने मिलकर आरोपी को धुना फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवती से तहरीर लिया है। आरोपी अधेड़ को हिरासत में थाने ले जाया गया है।

– सोशल प्लेटफॉर्म पर युवती को करता था फॉलो
आरोपी अधेड़ शहर के खुल्दाबाद मोहल्ले का रहने वाला है। सोशल प्लेटफार्म पर युवती को काफी दिनों से फॉलो कर रहा था। इंश्योरेंस कंपनी जाने और आने के समय युवती को बराबर वॉच करता रहा। पिछले दो महीने से आरोपी अधेड़ युवती की हर गतिविधियों पर नजर रखा था। मंगलवार को उसे मौका मिला तो युवती को रोक कर उससे अभद्रता करने लगा। युवती के परिजन से तहरीर मिलने के बाद पुलिस,आरोपी का सोशल अकाउंट खंगालेगी। कहीं युवती के सोशल अकाउंट पर आपत्तिजनक संदेश या फोटो तो नहीं भेजा है।

– ऑपरेशन चंडी को लगा धक्का
इस घटना के बाद ऑपरेशन चंडी को धक्का पहुंचा है। क्योंकि यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंटी रोमियो स्क्वाड को फिर से सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला शक्ति अभियान फिर शुरू किया गया है।इसके तहत ऑपरेशन चंडी चलाया गया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध को देखते हुए एक से 30 सितंबर तक अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार से संगम नगरी प्रयागराज में ऑपरेशन चंडी शुरू किया गया और शुरुआत में ही इस घटनाक्रम से पुलिस को धक्का लगा है।

– अधिकारियों ने कहा सख्ती जरूरी
मंगलवार की घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के प्रति आपराधिक कृत्य करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जरूरी है। ताकि महिलाओं और छात्राओं की अस्मिता सुरक्षित रहे। साथ ही अपराधियों में पुलिस का खौफ ऑर्डर कायम हो।

अन्य समाचार