मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिला थानेदार ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को दी साइबर अपराध से बचने...

महिला थानेदार ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को दी साइबर अपराध से बचने की टिप्स

 -मिशन शक्ति अभियान के तहत संगोष्ठी

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

शारदीय नवरात्रि के अंतर्गत मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से शहर के राणाप्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुलतानपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में जनपद सुलतानपुर की महिला थाना अध्यक्ष सुश्री हंसमती मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महिला थाना अध्यक्ष हंसमती ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता, सतर्कता और जिम्मेदार व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने तथा उपलब्ध साइबर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रभात श्रीवास्तव एवं डॉ. वीरेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा स्वयं के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।

अन्य समाचार