मुख्यपृष्ठनए समाचारलोडर से टक्कर में एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों की...

लोडर से टक्कर में एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों की मौत!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

हरदोई में सोमवार की दोपहर एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों की लोडर की टक्कर से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि लो़डर भी खाई में घुस गया। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। बाइक पर पति-पत्नी, बहन-भांजा और साला सवार होकर मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। हादसा हरदोई-बिलग्राम हाईवे पर सुरसा तिराहा के पास हुआ। सूचना पाकर मौके पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी व स्थानीय पुलिस पहुंची। अधिकारियों ने एंबुलेंस मंगाकर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। खुद पुलिस वालों ने एंबुलेंस वालों के साथ मिलकर एक-एक शव को गाड़ी में चढ़ाया। एक साथ पांच लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। संयोग से जिस बच्चे का मुंडन था वह किसी अन्य वाहन पर था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरसा थाना क्षेत्र के भीठा गांव निवासी संदीप (26) वर्ष के तीन वर्षीय बेटे कार्तिक का सोमवार को हरदोई के बाबा मंदिर में मुंडन संस्कार था। मुंडन संस्कार धूमधाम से करने के बाद दोपहर करीब तीन बजे सभी वापस लौट रहे थे। कार्तिक तो किसी अन्य वाहन पर था लेकिन संदीप ने अपनी बाइक पर साले संतराम (30 वर्ष), पत्नी संगीता (28 वर्ष), बहन मोनी (27 वर्ष), भांजे आशू (10 वर्ष) को बैठा लिया।भीठा गांव जाते समय बीच रास्ते में हरदोई बिलग्राम हाईवे पर सुरसा तिराहा के पास बिलग्राम की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

एसडीएम सदर सुशील मिश्रा सीओ सिटी अंकित मिश्रा व सुरसा पुलिस ने लोडर व बाइक को कब्जे में लिया है। बताया गया है कार्तिक दूसरे साधन के जरिए घर जा रहा था। वह बच गया। हादसे को अंजाम देने वाले लोडर का चालक भाग जाने में सफल रहा। हादसे के दौरान घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ।”

अन्य समाचार