सामना संवाददाता / मुंबई
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान विरोधी तीव्र जनभावना और शिवसेना की कड़ी चेतावनी के चलते ‘पीवीआर आयनॉक्स’ ने एशिया कप के भारत-पाकिस्तान फाइनल मैच का लाइव प्रसारण शो कल रविवार को रद्द कर दिया। देशभर में पीवीआर के किसी भी थिएटर में यह मैच नहीं दिखाया गया।
भारत-पाकिस्तान मैच के प्रसारण की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। पीवीआर आयनॉक्स देश भर के अपने थिएटर में इस मैच का लाइव प्रसारण शो करने वाले थे। शिवसेना नेता और युवासेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ने इस पर तीव्र नाराजगी व्यक्त की थी। आदित्य ठाकरे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखकर पीवीआर
आयनॉक्स के प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ये विज्ञापन वास्तव में घृणित हैं। आतंकवादी हमले में मारे गए नागरिकों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में लड़े शूरवीरों का अपमान है। इस मैच का लाइव प्रसारण करना शूरवीरों का अपमान होगा, ऐसे में पीवीआर को चेतावनी भी दी गई थी।
बता दें कि पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान के प्रति देश के हर नागरिक में रोष है। शिवसेना भारत-पाकिस्तान के मैच की घोषणा के अगले दिन से ही इसका विरोध कर रही है। पहलगाम हमले के बाद जन भावनाओं को इस मैच के चलते दुख पहुंच रहा है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस मैच के खिलाफ केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की थी। इसके बावजूद भी मोदी सरकार ने देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए पाकिस्तान के साथ भारत मैच को अनुमति दी थी।
