मुख्यपृष्ठनए समाचारमनाया गया सहस्त्र शीर्षा देवी मंडल का स्थापना दिवस

मनाया गया सहस्त्र शीर्षा देवी मंडल का स्थापना दिवस

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

अहिमाने स्थित महर्षि विद्या मंदिर के प्रांगण में सहस्त्र शीर्षा देवी मंडल का स्थापना दिवस गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। महर्षि विश्व शांति आंदोलन की महिला इकाई सहस्त्र शीर्षा देवी मंडल की स्थापना ९ अक्टूबर २०१३ को शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथि को हुई थी। कार्यक्रम का आयोजन सहस्त्र शीर्षा देवी मंडल की संयोजक उपासना तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रधानाचार्य जे एन उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि महर्षि जी के सपनों को साकार रूप देने के लिए उनके परम शिष्य एवं महर्षि विद्या मंदिर समूह के अध्यक्ष वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम भारत सहित कई देशों में मनाया जा रहा है। विश्व में शांति की स्थापना प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में अजेयता स्थापित करके की जा सकती है। महर्षि जी के द्वारा प्रदत्त वैदिक ज्ञान एवं भावातीत ध्यान के विस्तार से हर व्यक्ति में आहार, व्यवहार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के द्वारा प्रत्येक व्यक्ति अजेयता को प्राप्त कर सकता है। इस प्रकार समाज की सबसे छोटी इकाई परिवार से लेकर समाज ,राज्य राष्ट्र और विश्व में अजेयता एवं विश्व शांति की स्थापना होगी।
सहस्त्र शीर्षा देवी मंडल की वालेंटियर ने भी इसकी स्थापना के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए विश्व में शांति की स्थापना,भावातीत ध्यान एवं वैदिक ज्ञान के महत्व पर अपना विचार रखा।
महिला इकाई की संयोजक उपासना तिवारी के नेतृत्व में विद्यालय की छात्राओं एवं अध्यापिकाओं ने सामूहिक सुंदरकांड ,हनुमान चालीसा व दुर्गा चालीसा का पाठ बड़े ही सुंदर ढंग से संपन्न हुआ। तत्पश्चात सभी ने सामूहिक भावातीत ध्यान का अभ्यास किया।
नन्हे मुन्ने बच्चों ने मां दुर्गा के विभिन्न रूपों के परिवेश को धारण कर उनके विभिन्न रूपों से लोगों को परिचित कराते हुए उनकी महिमा का गुणगान किया। सभी ने कार्यक्रम की बहुत ही सराहना की।
उक्त अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी व छात्राएं उपस्थित रही।

अन्य समाचार