मुख्यपृष्ठनए समाचारज्ञानू को इस्तीफा देना ही होगा...भ्रष्ट अधिकारियों के सहारे देश को लूट...

ज्ञानू को इस्तीफा देना ही होगा…भ्रष्ट अधिकारियों के सहारे देश को लूट रही भाजपा

-जनता के भीतर अब भारी आक्रोश
-संजय राऊत का मोदी सरकार पर हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कल रविवार को महागर्जना मोर्चा में शिवसेना सांसद संजय राऊत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज लोग लोकतंत्र की रक्षा के लिए ट्रेन से, पैदल और अलग-अलग माध्यमों से इस महामोर्चा में शामिल होने मुंबई पहुंचे। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में निकला यह आंदोलन केवल मुंबई तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में इसका प्रभाव दिखाई दे रहा है।
संजय राऊत ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार का बचाव बंद करना चाहिए। भ्रष्ट अधिकारियों के सहारे देश को लूटा जा रहा है और जनता के भीतर अब भारी असंतोष पैदा हो चुका है।
संजय राऊत ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनमत की ताकत बड़े-बड़े तानाशाहों का अंत कर चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर ज्ञानू नहीं गया तो नरूभाई जाएंगे और उन्हें भी इस्तीफा देना पड़ेगा। इस बयान के जरिए उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी केवल चिंगारी भड़की है, लेकिन जनमत का यह आक्रोश जल्द ही जंगल की आग का रूप ले सकता है। सत्ता पक्ष को यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता का गुस्सा बढ़ने पर सत्ता के बड़े से बड़े किले भी ढह सकते हैं। शिवसेना और मनसे ने इस मोर्चे के जरिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा केंद्र में ला दिया है।
मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को जोरदार तिरंगा मोर्चा निकाला गया। मेट्रो सिनेमा से मुंबई मनपा मुख्यालय तक निकले इस मोर्चे में शिवसेना, मनसे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस और शेतकरी कामगार पक्ष के कार्यकर्ता तिरंगा हाथ में लेकर बड़ी संख्या में शामिल हुए। सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चे में भाग लिया।

अन्य समाचार