उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में खाना मांगने पर पति पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने पति का चाकू से गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच पत्नी नकदी रुपया व मोबाइल लेकर चली गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के घूरी गांव निवासी बलराम जब शाम को मजदूरी करने के बाद घर लौटा उसने पत्नी गुड़िया से खाना मांगा इस पर गुड़िया ने खाना परोस कर नहीं दिया और कहा कि खुद ही लेकर खा लो। इसी बात को लेकर दोनों पति- पत्नी में विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट हो गई। पत्नी ने बलराम को जमीन पर गिरा दिया और चाकू से उसका गला रेत दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर तड़पने लगा। शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए।
