भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बाराबती स्टेडियम में ५ मैचों की रोमांचक टी२० सीरीज के पहले मैच में धमाकेदार वापसी करनेवाले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का बल्ला इस मैच में जमकर बोला। भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाले हार्दिक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ६ चौके और ४ छक्कों की मदद से २८ गेंद में नाबाद ५९ रन ठोकने वाले हार्दिक जहां टी२० में १०० छक्के लगानेवाले भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए, वहीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने जाने के बाद हार्दिक ने कहा कि वो हमेशा खुद से आगे देश को रखते हैं और अपनी बल्लेबाजी से बहुत संतुष्ट थे। हार्दिक ने कहा, ‘एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे नहीं लगता कि मैं कभी भी अपने रोल को लेकर नखरे करता हूं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हार्दिक पांड्या क्या चाहता है, बल्कि इससे फर्क पड़ता है कि भारत क्या चाहता है। जब भी मुझे मौके मिलते हैं, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं।’
