वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से ज्यादा मैदान पर दिखाए गए आक्रामक रवैये को लेकर सुर्खियों में हैं। श्रीलंका-ए के खिलाफ मुकाबले के बाद उनकी विपक्षी खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की हो गई, जिससे माहौल गर्मा गया और इस घटना पर क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई। अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यदि वह इंडिया-ए के कोच या मैनेजर होते, तो वैभव को १७ जून को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ मैच से बाहर रखते। उनका मानना है कि किसी भी तरह के उकसावे के बावजूद मैदान पर शारीरिक आक्रामकता स्वीकार नहीं की जानी चाहिए और युवा खिलाड़ियों को अनुशासन का महत्व समझना जरूरी है। हालांकि, आईपीएल २०२६ में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज वैâप जीतने वाले १५ वर्षीय वैभव ट्राई सीरीज में अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं का उन पर भरोसा कायम है। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी२० सीरीज के अलावा एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
