मुख्यपृष्ठनए समाचारपीलीभीत में प्रेमी ने घर में घुसकर महिला को मार डाला!

पीलीभीत में प्रेमी ने घर में घुसकर महिला को मार डाला!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र में रविवार को प्रेमी युवक ने बांके से प्रहार कर महिला को मार डाला। इसके बाद मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने मौका मुआयना करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। घटना थाना क्षेत्र के शारदा डैम की तलहटी में स्थित पुरैना ताल्लुके महाराजपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार मनजीत कौर (45) के पति सुवेग सिंह की वर्ष 2016 में मौत हो गई थी। मंजीत करीब पिछले पांच वर्ष से क्षेत्र के नलडेंगा गांव निवासी मुकेश के साथ रह रही थी। मंजीत और मुकेश दोनों कुछ समय के लिए काम के सिलसिले में हल्द्वानी रह रहे थे। रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मुकेश ने बांके और हथौड़े से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। गंभीर चोटों से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। गांव वालों की सूचना पर सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया, माधोटांडा इंस्पेक्टर अशोक पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं।जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि महिला का उसके प्रेमी मुकेश से कई दिनों से विवाद चल रहा था। महिला की ओर से अपनी कब्जे की जमीन बेचकर नया घर बनाना शुरू करने के बाद दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था।पुलिस फिलहाल संपत्ति विवाद और रिश्ते में बढ़ रही कड़वाहट को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है।महिला के तीन पुत्र हैं, जिनमें से दो बड़े बेटे कानपुर में नौकरी करते हैं, जबकि छोटा बेटा अपनी बहन के साथ पंजाब स्थित ससुराल में रहता है। एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। वारदात की जानकारी पुलिस ने परिजनों तक पहुंचा दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस टीम घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है।

अन्य समाचार