मुख्यपृष्ठटॉप समाचारआज इंडिया गठबंधन की बैठक!  ...उद्धव ठाकरे दिल्ली पहुंचे ...शिवसेना सांसदों से...

आज इंडिया गठबंधन की बैठक!  …उद्धव ठाकरे दिल्ली पहुंचे …शिवसेना सांसदों से की चर्चा

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
संसद के मानसून सत्र के चलते राजधानी दिल्ली में राजनीतिक माहौल गरम है। इसी पृष्ठभूमि में आज इंडिया गठबंधन की अहम बैठक हो रही है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। कल उनके दिल्ली आगमन पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। लंबे अंतराल के बाद हो रहे उद्धव ठाकरे के इस दिल्ली दौरे पर देश की निगाहें टिकी हुई हैं।
दिल्ली में आज गुरुवार को इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं की बैठक होगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह बैठक बुलाई है। उन्होंने उद्धव ठाकरे से फोन पर चर्चा करते हुए बैठक का न्योता दिया था। उनके न्योते पर उद्धव ठाकरे बैठक में उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में इंडिया गठबंधन की अगली रणनीति तय किए जाने की संभावना है। मतदाता पुनरीक्षण, टैरिफ जैसे प्रमुख मुद्दे इस बैठक में उठने की संभावना है। आज विपक्ष इंडिया गठबंधन की बैठक में एकजुट होकर देश के गंभीर मुद्दों पर चर्चा करेगा। देश में गरीबी, भुखमरी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई जैसे तमाम जनहित के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों के मुद्दे पर सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी चर्चा होगी।

उद्धव ठाकरे का भव्य स्वागत
राजधानी में उद्धव ठाकरे का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। जैसे ही उद्धव ठाकरे हवाईअड्डे से बाहर आए सांसदों और शिवसैनिकों ने उन्हें घेर लिया और फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। इस मौके पर शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे और सौ. रश्मि ठाकरे भी मौजूद थीं। इस दौरान ‘शिवसेना की विजय हो’, ‘जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा’, ‘शिवसेना जिंंदाबाद’ जैसे नारे लगाते हुए शिवसैनिकों ने पूरे वातावरण को जोश से भर दिया।

प्रखर तरीके से उठाएं जनहित के मुद्दे
सरकार को भागने का न दें कोई मौका!
उद्धव ठाकरे ने किया सांसदों का मार्गदर्शन
जनहित के प्रश्नों को संसद में प्रखर तरीके से उठाएं और जनहित के मुद्दों पर सरकार को इस कदर घेर लें कि उसे भागने तक का मौका न मिल पाए। यह कहते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिवसेना के सांसदों का मार्गदर्शन किया।
शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत के १५ सफदरजंग लेन स्थित निवास पर लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों की उद्धव ठाकरे ने संयुक्त बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार का एकमात्र एजेंडा सत्ता ही है। जनहित से उनका कोई लेना-देना नहीं है। जनहित के लिए संघर्ष करना शिवसेना की परंपरा जन्म से ही रही है। आप सभी जनहित के मुद्दों पर प्रखर आवाज उठाकर सरकार को हिलाकर रख दें। इस तरह का सीधा आदेश उद्धव ठाकरे ने इस बैठक में दिया। इस दौरान लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की विभिन्न समस्याएं भी उन्होंने सुनीं। इस बैठक में शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे, शिवसेना संसदीय दल के नेता व सांसद संजय राऊत, सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई, संजय उर्फ बंडू जाधव, राजाभाऊ वाझे, भाऊसाहेब वाकचौरे, संजय दीना पाटील, संजय देशमुख, ओम निंबालकर व प्रियंका चतुर्वेदी उपस्थित थीं।

शरद पवार के स्नेहभोजन में उपस्थिति
सांसदों की बैठक से पहले उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार के ६ जनपथ स्थित निवास पर सपरिवार शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सौ. रश्मि ठाकरे, आदित्य ठाकरे और संजय राऊत भी मौजूद थे। इसके बाद सांसद संजय राऊत के निवास पर शिवसेना सांसदों के लिए आयोजित स्नेहभोजन में भी उद्धव ठाकरे शामिल हुए और उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर मार्गदर्शन किया।

अन्य समाचार