मुख्यपृष्ठनए समाचारशादी की बारात और सैर-सपाटे पर महंगाई की मार...एसटी की निजी बुकिंग...

शादी की बारात और सैर-सपाटे पर महंगाई की मार…एसटी की निजी बुकिंग हुई महंगी!

 -साधारण बसों के किराये में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी…शादी-विवाह और धार्मिक यात्राओं का बजट बिगड़ा

सुनील ओसवाल / मुंबई

महंगाई से पहले ही परेशान आम जनता को अब महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) ने एक और झटका दिया है। शादी-विवाह, बारात, पारिवारिक समारोह, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए एसटी बस आरक्षित करना अब महंगा हो गया है। महामंडल ने प्रासंगिक अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के तहत बसों की बुकिंग के संशोधित किराये लागू कर दिए हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी साधारण बसों के किराये में की गई है। ऐसे में आम परिवारों के लिए शादी समारोह और सामूहिक यात्राओं का खर्च बढ़ना तय है।
नई दरों के अनुसार, साधारण बस के दोहरी फेरी के किराये में प्रति किलोमीटर 64 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये कर दिया गया है। यानी सीधे 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं एकतरफा फेरी का किराया 96 रुपये से बढ़ाकर 115 रुपये कर दिया गया है। इसमें करीब 19.79 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस तरह साधारण बस से सफर करने का सस्ता विकल्प भी अब महंगाई की चपेट में आ गया है।
निमआराम बस के दोहरी फेरी का किराया 77 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये और एकतरफा फेरी का किराया 115 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये प्रति किलोमीटर किया गया है। स्लीपर बस के दोहरी फेरी का किराया 70 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये, जबकि एकतरफा फेरी का किराया 105 रुपये से सीधे 130 रुपये कर दिया गया है।
शिवशाही और शिवनेरी बसों के किराये में मामूली बदलाव किया गया है। शिवशाही का दोहरी फेरी का किराया 85 रुपये पर बरकरार है, जबकि एकतरफा फेरी का किराया 128 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये किया गया है। शिवनेरी का दोहरी फेरी का किराया 120 रुपये कायम रखते हुए एकतरफा फेरी का किराया 179 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये किया गया है।
महामंडल ने महंगाई का दिया हवाला
किराया बढ़ाने के पीछे एसटी महामंडल ने नियमित यात्री किराये में हुई वृद्धि को आधार बनाया है। 18 जुलाई से नियमित यात्री किराये में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। इसके अलावा टिकट की अंतिम राशि पांच रुपये के गुणक में तय करने का निर्णय लिया गया था। डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के भत्तों पर बढ़ते खर्च को भी नई दरों की वजह बताया गया है।
गौरतलब है कि शादी-विवाह और पर्यटन के मौसम में बड़ी संख्या में लोग एसटी बसों को निजी अनुबंध पर बुक करते हैं। ऐसे समय में किराया बढ़ने से आम परिवारों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। महंगाई से राहत देने के बजाय सार्वजनिक परिवहन की बुकिंग भी महंगी होने से आम नागरिकों के सामने खर्च का नया संकट खड़ा हो गया है।

अन्य समाचार