फिरोज खान
मालवणी के न्यू कलेक्टर कंपाउंड में एक मकान के बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा थी। लोग कमरे से आ रही बदबू से परेशान थे। कमरा पिछले कुछ दिनों से बंद रहने से लोगों शक हुआ कि कुछ तो गड़बड़ है, क्योंकि वहां एक कपल किराए पर रहता था, जो अब दिखाई नहीं दे रहा था। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के दरवाजे पर ताला लगा पाया। अंदर से भयानक बदबू आ रही थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। अंदर का डरावना दृष्य देखकर पुलिस चौंक गई। कमरे में एक युवती की सड़ी गली लाश पड़ी थी। कमरे में सामान जस का तस पड़ा हुआ था। छानबीन में पुलिस को एक चाकू मिला, जिससे शक हुआ कि युवती की हत्या की गई है। पुलिस ने पंचनामा कर लाश को कब्जे में लिया, लेकिन पोस्टमार्टम की गुंजाइश नहीं थी क्योंकि लाश का सारा हिस्सा सड़ चुका था। पडोसियों से पता चला कि युवती एक युवक के साथ रहती थी। युवक कई दिनों से लापता है। पुलिस की शक की सुई प्रेम प्रसंग पर गई, लेकिन युवक का पता लगाना पुलिस के लिए मुश्किल था, क्योंकि उसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। एक दिन घबराए स्थिति में एक महिला उस मकान के पास पंहुची, जहां युवती का कत्ल हुआ था। दरवाजे पर पुलिस का सील देखकर वह चौंक गई और पड़ोसियों से पूछा तो पता चला यहां एक लड़की की हत्या हुई है। यह सुनते ही महिला सदमें से जमीन पर बैठ गई। थोड़ी देर बाद किसी से कुछ भी न बोलते हुए वह सीधे मालवणी पुलिस स्टेशन पंहुची, वहां पंहुचकर उसने बताया जिस युवती की हत्या की पुलिस जाच कर रही वह उसकी बहन है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन संजय नामक लड़के के साथ पिछले चार साल से लिव इन में रह रही थी। महिला ने पुलिस को संजय का मोबाइल नंबर दिया। पुलिस के हाथ हत्या का अहम सुराग लग चुका था। आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर उसे आसाम से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया सोशल मीडिया के जरिए वह सीमा के संपर्क में आया था और बाद में दोस्त बन गए थे। चंद महीनों में दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों रिलेशनशिप में आ गए। पिछले डेढ़ साल से मालवणी के न्यू कलेक्टर कंपाउंड में किराए के घर में रह रहे थे। हाल ही में सीमा की हरकतों से उसे शक हुआ कि वह किसी और के साथ भी प्यार करती है। इसी बात से नाराज होकर प्रेमिका का चाकू से गला रेत दिया और फरार हो गया था।
