मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : कब्र में दफन कत्ल की सच्चाई!

तहकीकात : कब्र में दफन कत्ल की सच्चाई!

फिरोज खान

समीर और रूबी की शादी को तीन साल हो चुके थे। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। झगड़ों के बावजूद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन एक दिन समीर अचानक घर से गायब हो गया। पड़ोसियों ने जब कई दिनों से समीर को नहीं देखा तो वे रूबी से समीर के बारे में पूछताछ करने लगे। रूबी सभी से यही कहती कि उसका पति कमाने के लिए दुबई गया है। समीर को लापता हुए १४ महीने बीत चुके थे। यह बात जब समीर के घरवालों को पता चली तो उन्होंने अमदाबाद पुलिस स्टेशन में जाकर समीर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस संगीन मामले को अमदाबाद क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। जांच शुरू हुई तो पुलिस को पता चला कि समीर का मोबाइल पिछले १४ महीनों से बंद है और न ही किसी ने उसे लंबे समय से देखा है। क्राइम ब्रांच पुलिस चौबिसों घंटे रूबी के आसपास मंडराती रहती, ताकि उनके हाथ कोई सुराग लग सके। खैर, इस बीच पुलिस ने देखा कि रूबी अकसर इलाके में रहनेवाले इमरान नामक शख्स से मिलती-जुलती है। इमरान रात को मौका मिलते ही रूबी के घर पहुंच जाता। अब पुलिस का न केवल शक गहरा हो गया, बल्कि उन्हें पक्का यकीन हो गया कि मामला अवैध प्रेम संबंध का है। पुलिस को यह पता करना था कि समीर वैâसे लापता हुआ और अब तक उसका पता क्यों नहीं चल पाया। खैर, पुलिस ने इमरान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में इमरान ने बहकी-बहकी बातें बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन थर्ड डिग्री का इस्तेमाल पुलिस द्वारा करते ही इमरान ने सारी सच्चाई उगल दी। इमरान ने बताया कि रूबी अपने पति समीर को पसंद नहीं करती थी। इमरान और रूबी के बीच जब अफेयर के बाद शारीरिक संबंध बनने लगे तो एक दिन रूबी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए इमरान से कहा। साजिश के मुताबिक, समीर रात को घर में सो रहा था, इसी बीच इमरान अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। पहले तो उन्होंने समीर के हाथ-पैर बांध दिए और बाद में समीर का गला चाकू से रेत दिया। लाश को ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने घर के किचन में पांच फीट गहरा गड्ढा खोदा और लाश के टुकड़े-टुकड़े कर समीर की लाश को गड्ढे में दफन कर दिया और ऊपर से टाइल्स लगा दी। इमरान के मुंह से समीर के कत्ल करने की बात सुन पुलिस सन्न रह गई और फौरन घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल की खुदाई करवाने के बाद पुलिस ने वहां से इंसानी हड्डियों के साथ कंकाल बरामद कर लिया। १४ महीने बाद समीर के कत्ल का राज खुलने के बाद पुलिस ने बेवफा रूबी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

अन्य समाचार