-मुंद्रा पोर्ट पर खड़ा है रूस का एक अनजान शिप; दूसरा इंतजार में
सामना संवाददाता / अमदाबाद
गोरखधंधा करके अपना औद्योगिक साम्राज्य बढ़ाने वाले अडानी के बारे में अब एक नई कहानी सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि अडानी के मुंद्रा पोर्ट पर ‘शैडो फ्लीट’ के जरिए रूस से ‘काला तेल’ आ रहा है। मुंद्रा पोर्ट पर रूसी तेल के साथ एक अनजान शिप खड़ा है, जबकि दूसरा रास्ते में है।
बता दें कि अडानी पर अमेरिका में रिश्वत देने का एक मामला चल रहा है। दूसरी तरफ अमेरिका रूसी तेल खरीदने से मना कर रहा है। ऐसे में अडानी की अमेरिका में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यूरोपीय संघ और ब्रिटेन ने रूसी तेल ले जाने वाले जहाजों को ब्लैकलिस्ट कर रखा है। इसलिए ये तेल अब शैडो शिप के जरिए लाए जा रहे हैं।
क्या है शैडो फ्लीट?
‘शैडो फ्लीट’ ऐसे जहाज होते हैं, जिन्हें प्रतिबंधों के चलते पश्चिमी कंपनियों से बीमा, वित्तीय सेवाएं या आधिकारिक ट्रैकिंग में दिक्कत आती है। बताया जाता है कि मुंद्रा पोर्ट की तरफ आनेवाला जहाज भी इन्हीं में शामिल है। उसे ईयू और ब्रिटेन ने ब्लैकलिस्ट कर रखा है।
