मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
चाहने वालों ने जिस तरह महात्मा गांधी, नरेंद्र मोदी, अटल बिहारी वाजपेयी और सोनिया गांधी आदि के मंदिर बनाकर उनमें उनकी पूजा की, उसी प्रकार अब यूपी के अलीगढ़ में बसपा सुप्रीमो और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी है। इसके लिए अलीगढ़ से मायावती को पत्र भेजा गया है। वहां से जवाब मिलते ही भूमि पूजन का कार्य शुरू होगा।
भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को बसपा सुप्रीमो मायावती को पत्र भेजकर अनुमति मांगी है कि अलीगढ़ जनपद में उनका मंदिर बनाया जाए और उसमें उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। पंडित केशव देव गौतम ने बताया कि तहसील खैर के मोहल्ला खेरे में उनकी निजी भूमि है। उस जमीन पर वह अपने खर्चे से मायावती का मंदिर बनवाएंगे। इसके लिए शासन-प्रशासन से कोई आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह मंदिर किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा नहीं होगा, बल्कि केवल एक प्रेरणा स्थल रहेगा, जहां से आने वाली पीढ़ी प्रेरणा ले सकेगी। मंदिर में मायावती की केवल प्रतिमा ही नहीं, बल्कि उनके विचारों को भी जगह दी जाएगी।
भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम इससे पहले भी कई बार चर्चा में रहे हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जूतों की माला पहनकर प्रचार किया था। लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें चुनाव आयोग ने ‘चप्पल’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया था, जिसके बाद उन्होंने चप्पलों की माला पहनकर भी प्रचार किया था। अलीगढ़ सांसद पर कई आरोप लगाने को लेकर भी वह चर्चा में रहे हैं।
