मुख्यपृष्ठसमाचारहरकत से बाज आएं वहशी-हैवान, सुल्तानपुर में हैं तैनात चारू कप्तान!

हरकत से बाज आएं वहशी-हैवान, सुल्तानपुर में हैं तैनात चारू कप्तान!

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

-शोहदों व दुष्कर्मियों की शामत, पुलिस ने छेड़ा अभियान
-24 घंटे में तीन मामले, त्वरित एक्शन; एनकाउंटर में एक शोहदा हुआ लंगड़ा, दो दबोचे गए

अवध के सुल्तानपुर जिले में पुलिस कप्तान चारू निगम की नारी सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता ने शोहदों, मनचलों व महिलाओं के साथ बुरी हरकत करने वालों की शामत ला दी है। 24 घंटे के भीतर जिले के विभिन्न इलाकों में घटित छेड़खानी व बालिका अगवा करने की तीन वारदातों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों में दहशत पैदा कर दी है। सगी बहनों से छेड़खानी के एक अभियुक्त को पुलिस ने गोली मारकर लंगड़ा कर दिया, वहीं अपनी दफ्तर की सहकर्मी महिला से छेड़छाड़ करने वाले व बालिका को अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपियों को दबोचकर जेल भेज दिया है।
सुल्तानपुर की पुलिस कप्तान चारू निगम अपनी कार्यशैली को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। खासकर महिला संबंधी अपराधों को लेकर उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति ने अपराध जगत में दहशत फैला रखी है।
पहला वाकया सुल्तानपुर शहर का है। शास्त्रीनगर चौकी क्षेत्रांतर्गत रेलवे ट्रैक के करीब की रिहायशी कॉलोनी की दो सगी बहनें देर रात कहीं से घर लौट रही थीं। तभी सूने स्थान पर इसी इलाके का निवासी शोहदा आसिफ दोनों के पीछे लग गया और छेड़खानी का प्रयास किया। पीड़िता की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। देर रात लगभग सवा दो बजे अमहट हवाई अड्डे के पास नगर पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा अभियुक्त को गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया। इस दौरान अभियुक्त ने फायरिंग की। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली मार दी। उसे जिला अस्पताल लाया गया है। उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
दूसरी वारदात कूरेभार क्षेत्र की है। एक 10 वर्षीय बालिका को गलत नीयत से बल्दीराय के चौबे पुरवा निवासी अशोक कुमार पुत्र रामजश अगवा कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे पंचम पुरवा के पास से दबोच लिया। अशोक आदतन दुष्कर्मी है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उसे पहले भी अदालत से पांच वर्ष की सजा सुनाई जा चुकी है और वह जमानत पर जेल से बाहर था।
तीसरा प्रकरण बंधुआ कलां थाने का है। इस इलाके की एक स्वास्थ्यकर्मी को सीएचसी दूबेपुर (हसनपुर) में कार्यरत सहकर्मी रंजीत पाठक गलत नीयत से छूता था तथा उसके व्हाट्सऐप से निजी चैट, फोटो और वीडियो आदि हैक कर ब्लैकमेल करते हुए 50 हजार रुपये की मांग करता था। इसकी एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को सीएचसी दूबेपुर, हसनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य समाचार

झांकी: डर