मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिअंधेरी वर्सोवा यारी रोड खोजा गली में लायंस क्लब का मेगा मेडिकल...

अंधेरी वर्सोवा यारी रोड खोजा गली में लायंस क्लब का मेगा मेडिकल कैंप

रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

लायंस क्लब इंटरनेशनल 3231-A3 तथा मुंबई यूथ कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को अंधेरी पश्चिम के वर्सोवा यारी रोड स्थित खोजा गली के एक मैरिज हाल में भव्य मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधाओं का लाभ उठाया।

MJF लायन डॉ. आर. जी. राव, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में वीएमआई, अस्थमा, दंत चिकित्सा, मधुमेह, मोतियाबिंद तथा सामान्य चिकित्सा से संबंधित जांच की गई। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए मरीजों को आगे के उपचार और ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती होने हेतु संदर्भ पत्र भी दिए गए। शिविर के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि मुंबई में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के कारण अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। जनरल मेडिसिन विभाग में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज सामने आए, जिनकी जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं।

यह स्वास्थ्य शिविर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व और पूर्व मंत्री असलम शेख के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। आयोजन में वर्सोवा विधानसभा यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संतोष यादव का विशेष सहयोग रहा, जिनके प्रयासों से स्थानीय नागरिकों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, लायंस क्लब के डीजी मनोज बाबुर, वीडीजी नटवर बांका, वीडीजी विकास सराफ, यूथ कांग्रेस प्रवक्ता निलेश दूबे सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।  चिकित्सा सेवाओं में डॉ. नीलम बांदिवडेकर, श्रीमती मिलन राव तथा आस्कर अस्पताल की डॉक्टरों की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही वर्सोवा विधानसभा यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला। शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया।

अन्य समाचार