मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में महाभारत...भाजपा नेता ने शिंदे गुट के विधायक पर दागा १००...

महायुति में महाभारत…भाजपा नेता ने शिंदे गुट के विधायक पर दागा १०० करोड़ रुपए का कानूनी `ब्रह्मास्त्र!’

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति में अंदरूनी टकराव अब खुलकर सामने आने लगा है। विवादों से घिरे शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड को इस बार विपक्ष ने नहीं, बल्कि सहयोगी दल भाजपा के ही एक बड़े नेता ने कानूनी शिकंजे में लेने की तैयारी कर दी है। भाजपा के बुलढाणा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विजयराज शिंदे ने गायकवाड को १०० करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजकर राजनीतिक गलियारों में सनसनी पैâला दी है।
यह नोटिस गायकवाड़ द्वारा अप्रैल माह में आयोजित प्रेस कॉन्प्रâेंस के दौरान लगाए गए आरोपों के संदर्भ में भेजा गया है। शिंदे का दावा है कि इन आरोपों से उनकी सार्वजनिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। नोटिस में १५ दिन के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई है, अन्यथा अदालत का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी गई है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अक्सर सुर्खियां बनते हैं, लेकिन इस बार मामला सीधे १०० करोड़ रुपए के दावे तक पहुंच गया है। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मामला अदालत तक जाता है तो यह बुलढाणा की राजनीति का सबसे चर्चित मानहानि प्रकरण बन सकता है। संजय गायकवाड का राजनीतिक सफर जितना आक्रामक रहा है, उतना ही विवादों से भी घिरा रहा है। कभी सरकारी कर्मचारी से कथित मारपीट, कभी सार्वजनिक मंचों से तीखी बयानबाजी और कभी फोन पर अभद्र भाषा के आरोप, गायकवाड लगातार विवादों के केंद्र में रहे हैं। हाल के दिनों में एक प्रकाशन से जुड़े विवाद ने भी उन्हें राज्यव्यापी आलोचना का सामना करवाया था।
महायुति में `ऑल इज नॉट वेल’
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा नेता द्वारा अपने ही सहयोगी दल के विधायक पर इतनी बड़ी कानूनी कार्रवाई महज व्यक्तिगत विवाद नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर गहराते राजनीतिक संघर्ष का संकेत भी हो सकती है। महायुति के भीतर सब कुछ सामान्य होने के दावों के बीच यह प्रकरण कई सवाल खड़े कर रहा है।

अन्य समाचार