-२७९ डेंगू और ३३६ मलेरिया के मिले मरीज
-एलर्ट पर है स्वास्थ्य विभाग
सामना संवाददाता / मुंबई
ठाणे महानगरपलिका के अंतर्गत मलेरिया और डेगू के मरीजों की संख्या में दिनों-दिन वृद्धि हो रही है, जिसके कारण मनपा का स्वास्थ्य विभाग एलर्ट पर चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले तीन महीनों में २७९ डेंगू और ३३६ मलेरिया के मरीज मिले हैं। इस साल मरीजों की संख्या में तेजी से हो रही वृद्धि को देखते हुए ठाणे मनपा का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इस बीच बुखार और सर्दी के मरीजों की संख्या में वृद्धि होने के कारण यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
बताया जाता है कि मानसून का मौसम शुरू होते ही डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। मनपा प्रशासन डेंगू के मरीजों की संख्या में वृद्धि को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठा रहा है। लेकिन सफलता हासिल नहीं हो पा रही है। बताया जाता है कि २०२५ के जून, जुलाई और अगस्त के तीन महीनों में २७९ डेंगू और ३३६ मलेरिया के मरीज पाए गए। मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने अनुमान लगाया है कि निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या और भी अधिक होने की संभावना है।
इन बातों का रखें ध्यान
घर के आस-पास, इमारत में, चॉल या बस्ती में पानी जमा न हो इस बात का लोगों को ध्यान रखना चाहिए। अगर घर के अलग-बगल गड्ढे हों तो उसमें भरे पानी को खाली कर देना चाहिए। कचरे का उचित निपटान, घर में टंकियों, गमलों या पानी के भंडारण के बर्तनों को ढंक कर रखने के साथ ही पानी को बदलते रहना चाहिए। इसके अलावा मच्छरों को घर में घुसने से रोकने के लिए जरूरी सावधानी बरतने, घर में साफ-सफाई रखने और खिड़कियों पर जाली लगाने आदि बातों पर ध्यान देने का आह्वान मनपा प्रशासन ने किया है।
