अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी अपने तीन दिनों के भारत दौरे के बाद भले ही अपने देश लौट गए हों, लेकिन अपने भारत दौरे के दौरान वनतारा पहुंचे मेसी का सोशल मीडिया में एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जहां वो भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना में लीन नजर आए। लियोनल मेसी के साथ लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डे पॉल भी भारत आए थे और भारत आने के बाद तीनों कोलकाता पहुंचे, जहां साल्ट लेक स्टेडियम में उनका प्रोग्राम था। कोलकाता के बाद उसी दिन हैदराबाद पहुंचे मेसी ने वहां राहुल गांधी से भी मुलाकात की और रविवार को मुंबई आए। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर से मुलाकात के बाद वो सोमवार को दिल्ली पहुंचने के बाद वनतारा के लिए रवाना हुए थे। खैर, रिलायंस फाउंडेशन द्वारा शुरू किए गए विशाल वन्यजीव बचाव, देखभाल और पुनर्वास केंद्र वनतारा गए मेसी वायरल हो रहे वीडियो में न केवल अपने साथियों और अनंत अंबानी के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करते नजर आए, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से प्रभावित मेसी ने शिवलिंग पर दूध चढ़ाने के साथ ही ‘ॐ नम: शिवाय’ का जाप करते हुए मैडिटेशन भी किया।
