बॉलीवुड की ग्लैमरस हसीना रकुल प्रीत सिंह का अंदाज जितना दिलकश है, उतना ही दबंग भी! पर्दे पर अदाओं से दिल जीतने वाली रकुल असल जिंदगी में मनचलों की क्लास लगाने से भी पीछे नहीं हटतीं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कॉलेज के दिनों का ऐसा किस्सा सुनाया था, जिसे सुनकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाएं। रकुल अपनी सहेलियों के साथ बाजार में थीं, तभी एक लड़का चुपके से उनकी और उनकी दोस्तों की तस्वीरें खींचने लगा। रकुल ने उसे पकड़कर फोन छीन लिया और तस्वीरें डिलीट कर दीं। जब लड़के ने फोन वापस छीनने की कोशिश की और बदतमीजी की, तो रकुल ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। लड़का भागा, लेकिन रकुल भी पीछे नहीं हटीं। उनके मुताबिक, उन्होंने पत्थर उठाकर उसकी ओर फेंक दिया। रकुल का यह फाइटर अंदाज ही नहीं, उनका स्पोर्ट्स प्रेम भी कमाल है। वह राष्ट्रीय स्तर की गोल्फ खिलाड़ी रही हैं और कराटे में ब्लू बेल्ट भी रखती हैं।
