मुख्यपृष्ठनए समाचारमिशन शक्ति अभियान :  वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्मसम्मान से बालिका...

मिशन शक्ति अभियान :  वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्मसम्मान से बालिका सशक्तीकरण की अभिनव पहल

-उच्च प्राथमिक विद्यालय झट्टा की बालिकाओं ने बैंकिंग सेवाओं से लेकर सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं तक की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास की ओर बढ़ाए कदम

योगेश कुमार सोनी / ग्रेटर नोएडा

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय झट्टा में 15 एवं 16 अक्टूबर को बालिका सशक्तीकरण, वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्मसम्मान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण एक्सपोजर विजिट आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन में उपयोगी जानकारी, व्यवहारिक कौशल तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता प्रदान करने का सार्थक प्रयास किया गया।
बैंकिंग साक्षरता से आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर
15 अक्टूबर को पंजाब नेशनल बैंक, बदौली बांगर में आयोजित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधक श्रीमती महिमा वर्मा ने स्वयं एवं बैंक स्टाफ के माध्यम से बालिकाओं को बैंकिंग सेवाओं, बैंक खाते के संचालन, बचत के महत्व तथा धन के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। बालिकाओं ने बैंकिंग प्रक्रियाओं को समझा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व को जाना।
स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्मसम्मान से सशक्त व्यक्तित्व की ओर
16 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दाढ़ा, कासना, गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र के वार्ड बॉय श्री राजकुमार ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बालिकाओं को विभिन्न स्वास्थ्य विभागों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया तथा चिकित्सकों से मिलवाकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, पंजीकरण एवं पर्चा बनवाने की प्रक्रिया, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य जांच संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दिलवाईं।
इस दौरान बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, आवश्यकता पड़ने पर उचित चिकित्सा सहायता प्राप्त करने, अपनी समस्याओं को निःसंकोच व्यक्त करने तथा आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर बालिकाओं में विशेष उत्साह, जागरूकता एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।
व्यवहारिक शिक्षा से आत्मविश्वासी भविष्य का निर्माण
दोनों कार्यक्रमों में परी, आरती, राधा, अनुष्का, पूनम, नाजिश, अंजली, अनुराधा, प्रीति, अंशिका, मानसी सहित अनेक बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बैंकिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रत्यक्ष अनुभव ने उन्हें यह समझने का अवसर दिया कि जागरूकता, सही जानकारी और आत्मविश्वास जीवन में बेहतर निर्णय लेने के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रमों को सफल एवं सार्थक बनाने में मीना मंच एवं मिशन शक्ति गतिविधियों को प्रमुखता से संचालित कर रहीं शिक्षिका श्रीमती सुनीता चौरसिया, श्री राजीव शर्मा तथा विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्री सतीश पीलवान ने बालिका सशक्तीकरण के ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ वित्तीय समझ, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, आत्मसम्मान एवं निर्णय लेने की क्षमता से सुसज्जित करना समय की आवश्यकता है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री सतीश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाना भी है। ऐसे अनुभवात्मक कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों, जिम्मेदारियों एवं भविष्य के प्रति जागरूक बनाते हैं।
कार्यक्रम का मूल संदेश: बालिका जब आर्थिक रूप से जागरूक, स्वास्थ्य के प्रति सजग और आत्मसम्मान से परिपूर्ण होती है, तभी आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाती है। मिशन शक्ति अभियान की ऐसी पहलें सुरक्षित, समानतापूर्ण एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मिशन शक्ति का संकल्प—हर बालिका को ज्ञान, हर बालिका को सम्मान और हर बालिका को आत्मनिर्भरता की उड़ान।

अन्य समाचार