सामना संवाददाता / मुंबई
-१५ अक्टूबर तक थमी
-११९ साल पुरानी विरासत
मानसून की दस्तक के साथ ही महाराष्ट्र की सबसे खूबसूरत और ऐतिहासिक रेल सेवाओं में शुमार माथेरान टॉय ट्रेन की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सेंट्रल रेलवे ने नेरल-माथेरान नैरो गेज लाइन के नेरल-अमन लॉज खंड पर नियमित यात्री सेवाएं अगले चार महीनों के लिए स्थगित कर दी हैं। अब १५ अक्टूबर २०२६ तक पर्यटक और स्थानीय यात्री इस प्रतिष्ठित टॉय ट्रेन का पूरा सफर नहीं कर सकेंगे।
१०० वर्ष से अधिक पुरानी विरासत रेलवे लाइन पर सेवाएं रोकने का पैâसला मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन, चट्टानें गिरने और खराब मौसम से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। पश्चिमी घाट की वादियों और घने जंगलों के बीच से गुजरने वाली यह टॉय ट्रेन महाराष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर मानी जाती है और हर साल हजारों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहती है।
हालांकि सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों को पूरी तरह निराश नहीं किया है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए माथेरान और अमन लॉज के बीच शटल सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी। दोनों दिशाओं में प्रतिदिन छह-छह फेरियां चलाई जाएंगी, जबकि शनिवार और रविवार को दो अतिरिक्त शटल सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। माथेरान से अमन लॉज के लिए पहली शटल सुबह ८:२० बजे और अंतिम सेवा शाम ५:२० बजे रवाना होगी। वहीं अमन लॉज से माथेरान के लिए पहली ट्रेन सुबह ८:४५ बजे और आखिरी ट्रेन शाम ५:४५ बजे चलेगी।
