मुख्यपृष्ठनए समाचारमानसून सत्र का समापन, लेकिन अब निगाहें नागपुर पर!..7 से 18 दिसंबर...

मानसून सत्र का समापन, लेकिन अब निगाहें नागपुर पर!..7 से 18 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन अधिवेशन

राजन पारकर / मुंबई

महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र का शुक्रवार को समापन होने जा रहा है। पूरे सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक, आरोप-प्रत्यारोप, स्थगन प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिली। अब राजनीतिक गलियारों की निगाहें सीधे नागपुर की ओर टिक गई हैं।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष राज्य विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन नागपुर में 7 दिसंबर से 18 दिसंबर 2026 तक आयोजित किए जाने की तैयारी है। यानी इस बार नागपुर का अधिवेशन पूरे दो सप्ताह तक चलने की संभावना है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन विधानमंडल और प्रशासनिक स्तर पर प्रारंभिक तैयारियां शुरू होने की चर्चा है।
मानसून सत्र में जिन मुद्दों पर अधूरी चर्चा रह गई या जिन मामलों में सरकार संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी, उन्हें शीतकालीन अधिवेशन में प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए नागपुर अधिवेशन बेहद अहम साबित हो सकता है। सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियां गिनाने की कोशिश करेगा, जबकि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास करेगा।
फिलहाल, मानसून सत्र के अंतिम दिन भी हंगामे के आसार बने हुए हैं। वहीं, सत्ता के गलियारों में नागपुर अधिवेशन की संभावित तारीखों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सबकी नजर सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि क्या वास्तव में 7 से 18 दिसंबर तक नागपुर में दो सप्ताह का शीतकालीन अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।

अन्य समाचार