सुरेश गोलानी / मुंबई
भायंदर-पूर्व में सचिन तेंडुलकर मैदान के पास स्थित झाड़ियों में बरामद अज्ञात अधजले शव की गुत्थी को नवघर पुलिस ने २४ घंटे के भीतर सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेने के अलावा दो लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ५ जून शाम ६ बजे एक अज्ञात अधजला और बुरी तरह से कुचला हुआ शव बरामद किया था। आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार लाश किसी पुरुष की थी जिसकी उम्र ३० से ४० वर्ष के बीच प्रतीत हो रही थी, लेकिन बुरी तरह से कुचला हुआ चेहरा और अधजले शरीर की शिनाख्त कर पाना लगभग असंभव था। गुमशुदगी रिपोर्टों को खंगालने के बाद लाश की शिनाख्त २५ वर्षीय गौरव विजयप्रसाद बड़सर के रूप में हुई जो भायंदर-पूर्व स्थित पूजा नगर इलाके का रहनेवाला था। गौरव के परिवार ने १ जून को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नवघर पुलिस थाने में दर्ज की थी। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद यादव ने हत्या के इस संदिग्ध मामले को सुलझाने हेतु विशेष दलों का गठन किया। सीसीटीवी वैâमरा फुटेज और मोबाइल फोन सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने राजभर नामक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों ने वारदात वाले दिन गौरव को पहले शराब पिलाई और फिर चाकू से गोद कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से लाश को पत्थरों से कुचलकर जलाने की भी कोशिश की गई । इस मामले में पुलिस ने एक १६ वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा १०३ (हत्या) और २३८ (जानबूझकर सबूत मिटाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
