मुख्यपृष्ठनए समाचारअक्टूबर हीट में बढ़ा एनडीए का सियासी पारा ... `१५ सीट दो,...

अक्टूबर हीट में बढ़ा एनडीए का सियासी पारा … `१५ सीट दो, वरना नहीं लड़ेंगे चुनाव, अपमान का घूंट अब नहीं पीएंगे!’

– मांझी ने मोदी-नीतीश को दे डाली खुली धमकी
– चिराग के बाद जीतन राम ने भी दिखाए तेवर

सामना संवाददाता / पटना
इन दिनों देश अक्टूबर हीट का सामना कर रहा है। इसी के साथ ही एनडीए में भी राजनीतिक `हीट’ बढ़ गई है और सियासी पारा चढ़ गया है। बिहार विधानसभा चुनाव २०२५ से पहले एनडीए गठबंधन के भीतर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।
पहले चिराग पासवान और अब जीतन राम मांझी ने एनडीए की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने बुधवार को एक बड़ा धमाका किया और पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार को सीधे धमकी ही दे डाली। उन्होंने कहा,`अगर उनकी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को १५ सीटें नहीं दी गईं, तो वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। मांझी ने साफ शब्दों में कहा कि वे और उनकी पार्टी खुद को ‘अपमानित’ महसूस कर रहे हैं और अब इस अपमान का घूंट और नहीं पिएंगे। एनडीए के अंदर पहले ही चिराग पासवान की सीट डिमांड को लेकर पेच फंसा हुआ है, अब मांझी की यह सख्त बयानबाजी बीजेपी के लिए नई चुनौती लेकर आई है। बीजेपी मांझी को पुराने फॉर्मूले के तहत ७ सीटें देने की पेशकश कर चुकी है, लेकिन मांझी पुराने फॉर्मूले को ‘अपमानजनक’ बताते हुए १५ सीटों पर अड़े हुए हैं।
बता दें कि दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा, `हम’ अपने आपको अपमानित महसूस कर रहे हैं। हमारे लोगों को मतदाता सूची नहीं दी गई, हमें बैठकों में नहीं बुलाया गया। ये अपमान का घूंट हम कब तक पिएंगे? मैंने हमेशा एनडीए का साथ दिया है, तो एनडीए का फर्ज बनता है कि हमें अपमानित महसूस न होने दें’ मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी १५ सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, ताकि उनमें से कम से कम ८-९ सीटों पर जीत हासिल की जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘अगर १५ सीटें नहीं मिलीं तो हम चुनाव नहीं लड़ेंगे।’

कुशवाहा ने भी मांगी मनमाफिक सीटें
बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों के एलान के बाद सभी पार्टियां सीट शेयरिंग पर मंथन कर रही हैं। एनडीए में कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा, इस पर चर्चा चल रही है। अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। वहीं इस बीच उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने बीजेपी को लगभग २०-२२ सीटों की लिस्ट सौंप दी है। इन्हीं सीटों में कुशवाहा चुनाव लड़ना चाहते हैं।

अन्य समाचार