द्रुप्ति झा / मुंबई
मुंबईकरों की परेशानी बढ़ने वाली है। भारी यातायात जाम के बीच यात्रियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने अंधेरी में दो स्थानों पर चल रहे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचागत कार्यों के मद्देनजर यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। सीडी बरफीवाला रोड का उत्तर की ओर जाने वाला मार्ग फ्लाईओवर के खंभों के निर्माण के लिए बंद रहेगा, जबकि वीरा देसाई रोड मोगरा नाले पर बने पुल के विध्वंस और पुनर्निर्माण के कारण बंद रहेगा। सीडी बरफीवाला रोड का उत्तर की ओर जाने वाला मार्ग टीपू सुल्तान जंक्शन और गुलमोहर जंक्शन के बीच अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग
इस मार्ग पर वाहन टीपू सुल्तान जंक्शन पर बाएं मुड़कर जुहू लेन-जुनेद नगर-गुलमोहर जंक्शन होते हुए जेवीपीडी की ओर आगे बढ़ सकते हैं। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, फ्लाईओवर के स्तंभों की स्थापना का काम पूरा होने तक ये अस्थायी यातायात व्यवस्थाएं लागू रहेंगी।
बंद रहेंगी उक्त सड़कें
गोपीनाथ मुंडे गार्डन से गार्डन कोर्ट तक वीरा देसाई रोड का यह हिस्सा सभी प्रकार के वाहनों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। वीरा देसाई रोड के दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों को कोर्ट यार्ड जंक्शन-चित्रकूट जंक्शन-न्यू लिंक रोड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, जेपी रोड से आने वाले वाहनों को वीरा देसाई रोड के बजाय न्यू लिंक रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, लेकिन वे अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं। उक्त अधिसूचना मोगरा नाले पर बने पुल के विध्वंस और पुनर्निर्माण का कार्य पूरा होने तक लागू रहेगी।
