अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के ऐतिहासिक नगरी गयाजी शहर के बीचों-बीच स्थित गया नगर निगम के परिसर से जुड़े केदारनाथ मार्केट एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा एवं उनके नाम पर बने जवाहर टाउन हॉल की दुर्दशा, भयावह स्थिति, जर्जर भवन, गन्दगी किचड़ से बेहाल है, जिसके लिए कॉंग्रेस पार्टी वर्षो से स्थानीय प्रशासन, गया नगर निगम एवं बिहार सरकार से केदारनाथ मार्केट में पांच एकड़ जमीन में विशाल मल्टी काम्प्लेक्स बनाने, जर्जर जवाहर टाउन हॉल को बेहतरीन भवन बनाने तथा आधुनिक भारत के निर्माता, देश के प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा को भव्य रूप देने तथा अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग करते आ रहे है, परंतु इसका अभी तक कोई असर नहीं है।
इस संबंध में बिहार प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कॉंग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, पार्षद प्रतिनिधि शशि किशोर शिशु, बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, प्रद्युम्न दुबे, शिव कुमार चौपहिया, गोपाल दास, शिव शंकर पटेल, सरोज कुशवाहा, विकास चंद्र आदि ने कहा कि गया नगर निगम द्वारा केदारनाथ मार्केट को मार्केट काम्प्लेक्स बनाने का टेंडर भी निकाला गया तथा जवाहर टाउन हॉल के जीर्णोद्धार की बातें कही गई, परंतु अभी तक कोई अमल नहीं हुआ। इस संबंध में नेताओं ने कहा कि गयाजी के लोगों को केदारनाथ मार्केट के मार्केट काम्प्लेक्स बनने से यहां के दुकानदारों तथा सभी कार्यालयों एक जगह हो जायेगी तथा जवाहर टाउन हॉल के बेहतरीन हॉल बनने से लोगों को सभी प्रकार के कार्यक्रमों को यहां कराने से आमजनों को काफी सुविधा होगी, तथा इन दोनों से गया नगर निगम की आमदनी भी बढ़ जायेगी।
