मुख्यपृष्ठनए समाचारअब मनपा के ६४ भूखंड भी अडानी की झोली में!

अब मनपा के ६४ भूखंड भी अडानी की झोली में!

 पुनर्विकास में मिलेगी तरजीह  जून के अंत तक जारी होगा टेंडर
सामना संवाददाता / मुंबई
कुर्ला में मदर डेयरी का ८.५ एकड़ भूखंड अडानी को दिया गया है, वहीं अब मुंबई महानगरपालिका के ६४ भूखंडों पर झोपड़पट्टियों के पुनर्विकास में अडानी समूह को तरजीह मिलने की संभावना है। सरकार पहले ही धारावी पुनर्विकास के नाम पर मुंबई महानगरपालिका के छह भूखंड अडानी को देने का प्रस्ताव कर चुकी है। अब संभावना जताई जा रही है कि अडानी को ६४ भूखंड पुनर्विकास के लिए मिल जाएंगे। इस बीच इस पुनर्विकास के लिए जून के अंत तक निविदाएं जारी कर दी जाएंगी।
अपने स्वामित्ववाले ६४ भूखंडों पर झोपड़पट्टियों का पुनर्विकास खुद मुंबई महानगरपालिका करने जा रही थी, लेकिन अब महानगरपालिका ने इन ६४ एसआरए योजनाओं को बड़ी निर्माण कंपनियों की मर्जी से बांटने का पैâसला किया है और ये पुनर्विकास परियोजनाएं २५ प्रतिशत से अधिक प्रीमियम देनेवाले डेवलपर्स को दी जाएंगी। हालांकि, अडानी समेत बड़े डेवलपर्स ने ६४ प्लॉटों के पुनर्विकास में रुचि दिखाई है, इसलिए विपक्ष ने आरोप लगाया है कि यह सारा प्लान अडानी को इन प्लॉटों पर जबरन कब्जा देने की एक चाल है।
विशेष प्रकोष्ठ स्थापित
मुंबई महानगरपालिका ने अपने स्वामित्ववाले ६४ प्लॉटों पर झोपड़पट्टियों के पुनर्विकास के समन्वय के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया है। इस प्रकोष्ठ के लिए छह महानगरपालिका अधिकारी और कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं और पुनर्विकास के संबंध में आगे की कार्रवाई उनके माध्यम से की जाएगी।
४० से अधिक डेवलपर्स इच्छुक
मुंबई महानगरपालिका के ६४ प्लॉटों पर झोपड़पट्टियों का पुनर्विकास महानगरपालिका द्वारा किया जाना था। इसके लिए महानगरपालिका ने म्हाडा से अनुरोध किया था, लेकिन म्हाडा ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई इसलिए अंत में इसके लिए खुले तौर पर निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। इस निविदा प्रक्रिया में अडानी रियल्टी, वाधवा ग्रुप, रुस्तमजी जैसे ४० बड़े डेवलपर्स ने रुचि दिखाई है।

अन्य समाचार