मुख्यपृष्ठनए समाचार“वन नेशन, वन गोल्ड रेट…या सोने के नाम पर अफवाहों का बाजार?”

“वन नेशन, वन गोल्ड रेट…या सोने के नाम पर अफवाहों का बाजार?”

 राजन पारकर / मुंबई

देशभर में इस समय “वन नेशन, वन गोल्ड रेट” की जोरदार चर्चा चल रही है। ऐसा माहौल बनाया जा रहा है मानो अब देश के किसी भी कोने में जाओ, सोना एक ही दर पर मिलने वाला है। लेकिन इस चमकदार दावे के पीछे की हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। आम ग्राहकों के मन में उम्मीद और उत्सुकता जगाने वाली इस चर्चा का केंद्र सरकार से कोई सीधा संबंध नहीं है, यह सच्चाई अब सामने आ रही है।
असल बात यह है कि केंद्र सरकार ने अब तक “वन नेशन, वन गोल्ड रेट” को लेकर कोई कानून पारित नहीं किया है और न ही कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। संसद में इस विषय पर कोई मंजूरी नहीं दी गई है और न ही कोई अधिसूचना जारी की गई है। इसके बावजूद बाजार में ऐसा प्रचार किया जा रहा है मानो सरकार ने सोने की कीमतों को नियंत्रित करने का बड़ा फैसला ले लिया हो। जब इस पूरे मामले की तह तक जाया गया, तो यह स्पष्ट हुआ कि कुछ ज्वेलर्स संगठनों ने पूरे देश में एक समान सोने का भाव रखने का प्रस्ताव रखा है। लेकिन यह प्रस्ताव पूरी तरह स्वैच्छिक है, किसी पर भी इसे मानने की बाध्यता नहीं है। यानी कौन ज्वेलर इसे माने और किस दर पर सोना बेचे, यह पूरी तरह उनके अपने निर्णय पर निर्भर करता है।
वास्तविकता यह है कि आज भी मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और हैदराबाद जैसे शहरों में सोने के दाम अलग-अलग हैं। स्थानीय मांग, परिवहन लागत, ज्वेलर्स का मुनाफा और बाजार में प्रतिस्पर्धा जैसे कई कारणों से यह अंतर पैदा होता है। इसलिए “एक देश, एक दर” की अवधारणा अभी केवल चर्चा तक सीमित है, जमीनी स्तर पर इसका कोई ठोस असर नहीं दिखता।
यही वह स्थिति है जहां आम ग्राहकों के लिए खतरे की घंटी बजती है। ऐसी अफवाहों के कारण लोगों को यह गलतफहमी हो सकती है कि पूरे देश में एक ही दर लागू हो चुका है। कुछ जगहों पर इसी भ्रम का फायदा उठाकर ज्यादा कीमत वसूली जाने की आशंका भी बनी रहती है। “यह सरकार का नया रेट है” कहकर ग्राहकों को गुमराह किया जा सकता है। सोने की खरीद आम आदमी के लिए जीवनभर की एक बड़ी निवेश प्रक्रिया होती है, और ऐसी स्थिति में गलत जानकारी के कारण नुकसान उठाने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए “वन नेशन, वन गोल्ड रेट” सुनने में भले आकर्षक लगे, लेकिन फिलहाल यह सिर्फ चर्चा और प्रचार का विषय है, वास्तविकता नहीं। जब तक केंद्र सरकार इस पर कोई ठोस कानून नहीं बनाती, तब तक देशभर में सोने के दाम अलग-अलग ही रहेंगे। ऐसे में ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफवाह के आधार पर निर्णय न लें।
अगर सीधे शब्दों में कहा जाए तो “एक देश, एक दर” का नारा जितना सुनने में अच्छा लगता है, उतना ही वह हकीकत में ग्राहकों की जेब पर वार करने वाला साबित हो सकता है। सोने के नाम पर फैलती अफवाहों के इस बाजार में जागरूक रहना ही सबसे बड़ी समझदारी है, वरना चमक सोने की होगी और नुकसान आपका!

अन्य समाचार